Explosion On Indigo Flight: इंडिगो की हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही फ्लाइट में सवार यात्रियों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान के अंदर धुआं फैल गया. यह घटना मोहाली के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के तुरंत बाद हुई. फ्लाइट 6E-108 (HYD–IXC) ने दोपहर करीब 3:29 बजे सुरक्षित लैंडिंग की. विमान में 198 यात्री, दो बच्चे और 6 क्रू मेंबर सवार थे.
पावर बैंक में विस्फोट के बाद फैला धुआं
लैंडिंग के बाद जब विमान बे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था, तभी सीट 39C पर बैठे एक यात्री ने अपने पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी. आशंका है कि पावर बैंक में विस्फोट हुआ था.
क्रू मेंबर्स ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझा दी, लेकिन तब तक केबिन में धुआं फैल चुका था. स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी घोषित की गई और करीब 3:35 बजे विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलकर यात्रियों को स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया.

इस दौरान सीट 25F पर बैठी एक महिला यात्री के पैर में हल्की चोट आई. इस यात्री की पहचान ऋचा के रूप में हुई है. एयर फोर्स का एक फायर टेंडर 3:38 बजे तक बे पर पहुंच गया था, लेकिन उसकी जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि स्थिति पहले ही नियंत्रण में आ चुकी थी. किसी अन्य चोट या हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. क्रू द्वारा समय पर की गई कार्रवाई ने यह सुनिश्चित किया कि एक संभावित गंभीर हादसा टल गया.

बताया गया है कि स्लाइड के जरिए बाहर निकलने को दौरान 5 से 6 यात्री चोटिल हो गए, जिनमें कुछ वरिष्ठ नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं. घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

