New Delhi: ईरान ने लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए. पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के बावजूद इन हमलों ने स्थिति को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है. UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार देश का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है और वह बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन को इंटरसेप्ट कर रहा है.
ईरान की ओर से बड़े पैमाने पर हमला
UAE का कहना है कि इससे पहले सोमवार को भी ईरान की ओर से बड़े पैमाने पर हमला किया गया था, जिसमें 15 मिसाइलों और चार ड्रोनों को मार गिराया गया. मंगलवार को फिर से हमले की सूचना सामने आई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. हमले का असर फ़ुजैरा में भी देखा गया, जहां एक ड्रोन हमले के बाद तेल औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी आग लग गई.
ईरान का इन हमलों से इनकार
इस घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए. इसके अलावा अबू धाबी की एक तेल कंपनी के खाली टैंकर को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है, जब वह Strait of Hormuz से गुजर रहा था. हालांकि ईरान ने इन हमलों में अपनी भूमिका से इनकार किया है. ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि उसने UAE के खिलाफ कोई मिसाइल या ड्रोन कार्रवाई नहीं की.
देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ईरान के खिलाफ कोई कदम उठाया गया तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा. UAE के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया और कहा कि उसे जवाबी कार्रवाई का पूरा अधिकार है. इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने भी ईरान पर कड़े बयान दिए और कहा कि अमेरिका ईरान को कमजोर कर चुका है और उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा.
इसे भी पढ़ें. Iran Shopping Center Fire: ईरान में आग का गोला बना शॉपिंग सेंटर, आठ लोगों की मौत, 36 घायल

