Bigg Boss 20: भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ का हिस्सा हैं. शो के घर में रहते हुए भी उनके मन में पिता की सेहत को लेकर चिंता बनी रहती है. आम्रपाली के पिता किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका नियमित डायलिसिस चल रहा है. ऐसे में अभिनेत्री को हर हफ्ते घर के अंदर ही पिता की तबीयत से जुड़ी जानकारी दी जाती है.
Bigg Boss 20 से पहले रखी थी ये शर्त
शो में शामिल होने से पहले आम्रपाली ने मेकर्स के सामने अपनी एक खास शर्त रखी थी. उन्होंने साफ किया था कि घर में रहने के दौरान उन्हें अपने पिता की सेहत के बारे में नियमित रूप से अपडेट मिलना चाहिए. उनकी इस शर्त को स्वीकार किया गया, जिसके बाद हर सप्ताह उन्हें परिवार की तरफ से पिता के स्वास्थ्य की जानकारी दी जाती है. आम्रपाली कई बार शो में अपने परिवार और निजी जिंदगी से जुड़ी बातें भी साझा करती नजर आई हैं. उनकी बहन आंचल इस दौरान माता-पिता की देखभाल कर रही हैं. दूसरी ओर, बिग बॉस के घर में आम्रपाली अपनी बेबाक राय और सक्रिय भागीदारी के चलते दर्शकों के बीच अपनी जगह बना रही हैं. वह टास्क में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं और कई मौकों पर उनका शांत और समझदारी भरा रवैया भी देखने को मिला है.
निरहुआ के साथ रिश्ते की अफवाहों पर दी सफाई
शो के दौरान आम्रपाली ने अभिनेता और अपने पुराने को-स्टार निरहुआ के साथ रिश्ते को लेकर चलने वाली चर्चाओं पर भी बात की. उन्होंने दोनों के बीच किसी रोमांटिक रिश्ते की बात से इनकार करते हुए निरहुआ को अपना अच्छा दोस्त बताया.
आम्रपाली ने बताया कि भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखने के बाद उनकी निरहुआ से दोस्ती हुईय उन्होंने 2014 में फिल्म ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ से भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया था, जिसमें वह निरहुआ के साथ नजर आई थीं. अभिनेत्री के मुताबिक, निरहुआ उन्हें अक्सर शादी के लिए भी सलाह देते हैं और कहते हैं कि उन्हें अपने लिए अच्छा जीवनसाथी तलाश लेना चाहिए.
शादी नहीं, मां बनने की इच्छा जता चुकी हैं आम्रपाली
‘बिग बॉस 20’ से पहले आम्रपाली भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आई थीं. इस दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और भविष्य की इच्छा के बारे में खुलकर बात की थी. आम्रपाली ने बताया था कि वह शादी करने के बजाय मां बनना चाहती हैं. उन्होंने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जाहिर की थी और बताया था कि इस दिशा में प्रक्रिया भी शुरू कर चुकी हैं। उनके मुताबिक, परिवार भी उनके इस फैसले का समर्थन करता है. फिलहाल आम्रपाली बिग बॉस के घर में अपने खेल पर ध्यान दे रही हैं, लेकिन पिता की तबीयत से जुड़ी खबरें उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद अहम बनी हुई हैं.

