Bengal Violence: बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशी बम फेंके जाने की खबर सामने आई है. इस हमले में कम से कम पांच कार्यकर्ता घायल हो गए. गुरूवार को पुलिस ने यह जानकार दी. बताया गया है कि यह हमला शुभेंदु अधिकारी के लंबे समय से निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ. पुलिस ने बताया कि यह घटना आधी रात के बाद पनिहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 में दत्ता रोड पर हुई.
बाइक सवारों ने लगातार फेंके तीन बम
बताया गया है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों से बात कर रहे थे, इसी बीच कुछ उपद्रवी बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार चार लोगों ने वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम फेंके. तीन बम लगातार फेंके गए, जिसके बाद उपद्रवी फरार हो गए. इस बम विस्फोट में पांच बीजेपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों को गंभीर हालत में आरजी कार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया. खबरों के अनुसार, उनका वहां इलाज चल रहा है. उधर, घटना की जानकारी होते ही खारदाह पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. केंद्रीय बल भी वहां पहुंचे. उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में किया और इलाके में गश्त की. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है.
घटना पर शुभेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया
मध्यग्राम घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने खरदाह में हुए बम विस्फोट का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा ‘राज्य में पिछले 15 वर्षों से बदले की राजनीति चल रही है. यह 15 वर्षों के महा जंगल राज का परिणाम है. कल रात खरदाह में बम विस्फोट हुआ और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलियां चलाई गईं. हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.’
भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर पनिहाटी में बम विस्फोट करने का आरोप लगाया है, जो मध्यमग्राम से लगभग 7 किलोमीटर दूर है, जहां अधिकारी के निजी सहायक को हमलावरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपने घर जा रहा था. आरोप है कि तृणमूल से जुड़े उपद्रवियों ने बम धमाका किया. हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
चुनाव नतीजों के बाद कई जगहों पर हिंसा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होने के बाद से ही राज्य भर से हिंसा की खबरें आ रही हैं. कुछ घटनाओं में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई की गई. उनके पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई और पार्टी के पोस्टर फाड़ दिए गए. कुछ जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया, जिनमें से कई घायल हो गए.

