रूस का यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से जोरदार हमला, एक युवक की मौत, किशोर समेत 21 घायल

Must Read

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर जोरदार हमला किया है. इससे यूक्रेन में तबाही मच गई. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रातभर मिसाइलों और ड्रोन की बारिश होती रही, जिससे राजधानी के कई इलाकों में धमाके सुनाई दिए. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि 21 लोग घायल हुए हैं. इनमें एक 15 साल का किशोर भी शामिल है. तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

रातभर चलता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

हमले में रिहायशी इमारतें, स्टूडेंट हॉस्टल, कार सर्विस सेंटर और शॉपिंग मॉल भी चपेट में आए. कई जगह आग लग गई और रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा. यह हमला ऐसे समय हुआ जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के हालिया ड्रोन हमले का बदला लेने का आदेश दिया था. रूस का आरोप है कि शुक्रवार को यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के कब्जे वाले लुहांस्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क में एक कॉलेज हॉस्टल पर हमला किया, जिसमें बच्चों समेत कई लोगों की मौत हुई.

हमले में 18 बच्चों की मौत

रूसी सरकारी एजेंसी TASS ने दावा किया कि इस हमले में 18 बच्चों की मौत हुई और कई लोग मलबे में दब गए. इसके बाद पुतिन ने रूसी रक्षा मंत्रालय से जवाबी कार्रवाई का प्लान तैयार करने को कहा था. हालांकि यूक्रेन ने रूस के इस दावे को खारिज किया और कहा कि उसने सिर्फ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें स्टारोबिल्स्क इलाके में रूस की रुबिकॉन ड्रोन यूनिट के एक मुख्यालय पर हमला भी शामिल था.

यूक्रेनी एयर फोर्स ने देर रात जारी की थी चेतावनी 

हमले से पहले यूक्रेनी एयर फोर्स ने देर रात चेतावनी जारी की थी कि रूस मीडियम रेंज बैलिस्टिक मिसाइल ओरेशनिक लॉन्च कर सकता है. कीव के सैन्य प्रशासक टिमुर त्काचेंको ने टेलीग्राम पर लिखा, ‘राजधानी पर भयानक बैलिस्टिक अटैक हो रहा है, सभी लोग तुरंत शेल्टर में जाएं.’ यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी कहा कि यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों को अमेरिका और यूरोपीय साझेदारों से जानकारी मिली थी कि रूस ओरेशनिक मिसाइल से हमला कर सकता है.

मॉस्को पर डालना होगा दबाव 

जेलेंस्की ने कहा, ‘हम दुनिया से जवाब चाहते हैं, ऐसा जवाब जो हमले के बाद नहीं, बल्कि पहले आए. मॉस्को पर दबाव डालना होगा ताकि वह युद्ध और न बढ़ाए.’ अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भी पहले चेतावनी दी थी कि कीव में अमेरिकी दूतावास को जानकारी मिली है कि मिसाइल हमला किसी भी समय हो सकता है.

इसे भी पढ़ें. बलूचिस्तानः सुसाइड बम धमाके से उड़ाई ट्रेन, कई डिब्बे बे-पटरी, लगी आग, 30 लोगों की मौत

Latest News

वैश्विक संकट के बीच आम जनता को बड़ा झटका, फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें रेट

Petrol Diesel Price: वैश्विक संकट के बीच आम जनता को चौथी बार बड़ा झटका लगा है. 10 दिनों के...

More Articles Like This