Iran Israel War: इस्राइली जहाजों पर हूती लड़ाकों ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध, मिसाइल हमले का दावा

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Tension Rises In The Red Sea: सोमवार को यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस्राइल के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए लाल सागर में इस्राइली जहाजों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की. इसके साथ ही हूतियों ने इस्राइल पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है, जिससे पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ज्यादा बढ़ गया है.

टेलीग्राम पर जारी एक बयान में हूती लड़ाकों की सैन्य शाखा ने कहा कि वह लाल सागर में इस्राइल से जुड़े सभी समुद्री जहाजों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाता है. संगठन ने चेतावनी दी कि उसके इस ऐलान के बाद क्षेत्र में इस्राइल से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि को वैध सैन्य लक्ष्य माना जाएगा.

हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने इस्राइल के संवेदनशील ठिकानों पर मिसाइलों की बौछार की और उनके हमले अपने उद्देश्य हासिल करने में सफल रहे. हालांकि, हमले से हुए नुकसान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई.

वहीं, इस्राइली सेना ने यमन से मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की है. अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर सेना ने कहा कि उसने इस्राइली क्षेत्र की ओर यमन से मिसाइल लॉन्च होने का पता लगाया है और खतरे को निष्क्रिय करने के लिए वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय कर दी गई हैं.

हूती लड़ाकों की यह घोषणा वैश्विक व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण लाल सागर मार्ग पर नए संकट का संकेत है. इससे पहले भी इस्राइल-हमास संघर्ष के दौरान हूती हमलों के कारण कई अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों को अपने जहाजों का मार्ग बदलकर अफ्रीका के दक्षिणी सिरे ‘केप ऑफ गुड होप’ से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ा था, जिससे परिवहन लागत और समय दोनों में वृद्धि हुई थी.

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब ईरान और इस्राइल के बीच सीधा सैन्य टकराव जारी है. इसके अलावा फारस की खाड़ी से ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य भी तनाव के केंद्र में बना हुआ है. ऐसे में लाल सागर में हूतियों की नई चेतावनी से क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक समुद्री व्यापार दोनों पर गंभीर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है.

Latest News

PM मोदी ने कुवैत के अमीर से की बात, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर व्यक्त की चिंता

Kuwait India Relations: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के अमीर...

More Articles Like This