Venezuela Earthquake: ‘मैंने जिंदगी में ऐसा कभी नहीं देखा…’ 9वीं मंजिल पर फंसे शख्स ने सुनाई भूकंप की खौफनाक आपबीती

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

 Venezuela Earthquake Eyewitness: कुछ आपदाएं सिर्फ शहरों को नहीं, लोगों की यादों और जिंदगियों को भी हमेशा के लिए बदल देती हैं. वेनेजुएला की राजधानी कराकास में आए भीषण भूकंप के बाद सामने आ रही तस्वीरें और प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती दिल दहला देने वाली हैं. कहीं लोग मलबे में अपनों को तलाश रहे हैं तो कहीं ऊंची-ऊंची इमारतों से जान बचाने के लिए सैकड़ों लोग सीढ़ियों से भागते दिखाई दिए. कई लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में ऐसा भयानक मंजर कभी नहीं देखा. भूकंप ने सिर्फ इमारतों को नहीं गिराया, बल्कि हजारों परिवारों की खुशियां भी पलभर में छीन लीं. अब हर किसी की नजर राहत और बचाव अभियान पर टिकी है, जबकि प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल अब भी बना हुआ है.

‘मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी नहीं देखा’

कराकास की एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल पर रहने वाले मैनुएल ग्वेवारा बारो इस भयावह अनुभव को याद करते हुए कहते हैं- “मैंने कभी ऐसा नहीं देखा.” वे वेनेजुएला के उस भूकंप का मंजर भी देख चुके हैं, जिसने साल 1967 में सैकड़ों लोगों की जान ले ली थी. लेकिन उनका कहना है कि इस बार जो कुछ उन्होंने महसूस किया, वह उससे कहीं ज्यादा डरावना था. ग्वेवारा बारो ने सीएनएन से बातचीत में उस भयावह पल को याद करते हुए कहा, “मैं उस वक्त किताब पढ़ रहा था, जब अचानक तेज भूकंप आया. चारों तरफ इतना तेज झटका लगा कि मैं कुछ पकड़ भी नहीं पाया. चलना तो दूर की बात, खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया था. भूकंप इतनी देर तक चला कि लग रहा था समय रुक गया है. बिजली चली गई, पानी की पाइपें फट गईं और अंधेरे गलियारों में पानी बहने लगा.”

जान बचाने के लिए सीढ़ियों से भागे लोग

ग्वेवारा बारो और उनके पड़ोसी किसी तरह सीढ़ियों से नीचे उतरकर बाहर पहुंचे. उनके मुताबिक लोग बुरी तरह घबराए हुए थे. कई लोग रो रहे थे, जबकि कुछ लोग नर्वस ब्रेकडाउन का शिकार हो गए. उनके आसपास कम से कम दो इमारतें पूरी तरह ढह गईं, जबकि कई अन्य इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा. सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो भी इसी भयावह मंजर की गवाही दे रहे हैं. एक वीडियो में ऊंची इमारत से पानी तेज धार की तरह नीचे सड़क पर गिरता दिखाई देता है, जबकि दूसरे वीडियो में लोग चीखते हुए खुले मैदानों की ओर भाग रहे हैं.

1 लाख लोगों की जान जाने की आशंका

अभी तक की जानकारी के मुताबिक इस भूकंप में कई लोगों की मौत हुई है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं. USGS के मुताबिक भूकंप में मरने वालों की संख्या 10 हजार से 1 लाख तक भी हो सकती है. इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये 40 सेकंड में कराकस की तस्वीर बदली कैसे. वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्र के नाम संबोधन में मौतों की पुष्टि की है. विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार के भूकंप की तीव्रता 1967 वाले भूकंप से काफी ज्यादा लग रही है. शहर के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और लोग अभी भी दहशत में हैं. यह भूकंप वेनेजुएला के लिए एक नई आपदा बनकर उभरा है.

1967 का भूकंप आज भी नहीं भूला वेनेजुएला

वेनेजुएला के इतिहास में 29 जुलाई 1967 का दिन सबसे दर्दनाक दिनों में गिना जाता है.

  • उस समय आए भूकंप की तीव्रता 6.3 मैग्नीट्यूड थी.
  • इस भूकंप ने कराकास समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचाई थी.
  • आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी.
  • 2,000 से अधिक लोग घायल हुए थे.
  • हजारों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं और देश के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था.

आज जब एक बार फिर कराकास की धरती कांपी है तो कई लोगों को 1967 की वही भयावह यादें फिर से सताने लगी हैं.

‘ऐसा लगा जैसे धरती के अंदर से कोई दहाड़ रहा हो’

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भूकंप के दौरान ऐसी तेज आवाज आई मानो धरती के भीतर से कोई विशालकाय राक्षस दहाड़ रहा हो. इमारतें नाव की तरह डोल रही थीं और लोगों को लग रहा था कि अब अगला पल शायद उनकी जिंदगी का आखिरी पल हो सकता है. चारों तरफ चीख-पुकार, धूल का गुबार और गिरती इमारतों का मंजर था. लोग बिना कुछ सोचे-समझे सिर्फ अपनी और अपने परिवार की जान बचाने के लिए भाग रहे थे.

राहत और बचाव अभियान जारी

भूकंप के बाद बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हैं. कई इलाकों में आफ्टरशॉक्स की आशंका को देखते हुए लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है. मैनुएल ग्वेवारा बारो जैसे हजारों लोग इस भयावह अनुभव को शायद कभी नहीं भूल पाएंगे. एक बार फिर प्रकृति ने यह साबित कर दिया कि उसके सामने इंसान कितना असहाय है और कुछ ही सेकंड में पूरी जिंदगी बदल सकती है.

ये भी पढ़े: 

Latest News

Health Tips: सिर्फ 2 महीने मिलने वाला यह फल, शुगर, बीपी और लीवर के लिए माना जाता है बेहद फायदेमंद

बरसात के मौसम में मिलने वाला जामुन स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार इसका सीमित मात्रा में सेवन ब्लड शुगर, बीपी, लीवर और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है.

More Articles Like This