“जो भक्तों पर गोली चलाते थे, आज वे राम भक्ति की दुहाई दे रहे”, सपा पर CM योगी ने साधा निशाना

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Cm Yogi: मंगलवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में ₹690 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले की परिस्थितियों के बारे में बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले यूपी में विकास या तो सैफई परिवार का या रामपुर के एक परिवार का होता था.

CM योगी ने याद दिलाई 2017 से पहले की बात

सीएम योगी ने कहा, “2017 के पहले याद करिए यही प्रदेश था. पहचान का संकट था. ना बेटी सुरक्षित थी, ना व्यापारी सुरक्षित था. अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए विवश होता था. नौजवान के लिए कोई रोजगार नहीं. कोई सरकारी विज्ञापन निकलता था तो चाचा भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी. न्यायालय को उस पर रोक लगानी पड़ती थी. सरकार की निरंकुश नीतियों के कारण हमारा परंपरागत उद्यम बंद हो रहा था. अन्नदाता किसान के लिए कोई स्कीम नहीं. गरीबों के कल्याण के लिए कोई योजना नहीं. विकास के लिए, सड़क के लिए, पुल-पुलिया के लिए, सरकार के पास कोई पैसा नहीं. विकास दो लोगों का होता था. या तो सैफई परिवार का या रामपुर के एक परिवार का. बाकी लोग विकास से वंचित रहते थे. इन्होंने सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न किया. जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया. विरासत को अपमानित करने के लिए बहन-बेटियों को अपमानित करने के लिए समाजवादी पार्टी ने कुछ भी कोर कसर नहीं छोड़ी थी.”

बदला है उत्तर प्रदेश का माहौलः CM योगी

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज मैं कह सकता हूं जिस उत्तर प्रदेश में विरासत का आज समाजवादी पार्टी की सरकार में होता था. वे कहते थे कावड़ यात्रा नहीं निकलने देंगे. उत्सव के पहले उपद्रव प्रारंभ हो जाते थे. कोई पर्व और त्यौहार के पहले दंगा दंगे-फसाद उत्तर प्रदेश की पहचान बन जाती थी. 2017 के पहले ना होली, ना दीपावली, ना विजयादशमी, ना रामनवमी, ना सावन के महीने का कोई पर्व, ना जन्माष्टमी के आयोजन को ही करने दिया जाता था. आज आप देखते होंगे, कावड़ यात्रा धूमधाम के साथ निकलती है, कोई रोक-टोक नहीं. दुर्गा पूजा शानदार तरीके से होती है, कोई रोक-टोक नहीं. जिस समाजवादी पार्टी ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव के कार्यक्रम, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम पर रोक लगाई थी. हमारी सरकार ने उस रोक को दूर कर भगवान राम के राम जन्मोत्सव राम नवमी का आयोजन हो, श्री कृष्ण भगवान के जन्मोत्सव का कार्यक्रम, श्री कृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम, होली हो, दीपावली हो, विजयादशमी हो, दुर्गा पूजा हो, कोई भी पर्व और त्योहार हो, उन सभी की बाधाओं को दूर कर आज फिर से उत्सवपूर्ण माहौल के रूप में उत्तर प्रदेश का माहौल बदला है. आज उसका परिणाम भी मिला है.”

वे भी जानते हैं सही कौन है और खराब कौन हैः सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा, “आज राम की भक्ति की वकालत कौन कर रहा है? आज भगवान राम की भक्ति की दुहाई कौन दे रहा है? 2017 के पहले जो जय श्री राम बोलने पर लाठी मारते थे. 2017 के पहले जब उत्तर प्रदेश में राम भक्त कहता था कि राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे, उन राम भक्तों पर जो उस समय गोली चलाते थे, आज वे आस्था की वकालत करते हुए दिखाई देते हैं. ये आपकी ताकत है, आपकी आस्था की ताकत है कि आज उनको आपका पिछलग्गु बनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, आपके वोट बैंक की ताकत है. अब उन्हें अपने पाप पर पश्चाताप होता होगा, अपने कर्मों पर पश्चाताप होता होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी. वो कांग्रेस जो 2017 के पहले राम के अस्तित्व को ही नकार चुकी थी, श्री कृष्ण के अस्तित्व को ही नकार चुकी थी, आज वो भी कहती है कि राम तो सबके हैं. अब ये लोग सब मचल रहे हैं अयोध्या जाने के लिए, लेकिन भगवान राम तो जग नियंता हैं. इस ब्रह्मांड के स्वामी हैं. वे भी जानते हैं सही कौन है और खराब कौन है.”

मुख्यमंत्री ने कहा, “भगवान राम की भक्ति तो हनुमान जी के अंदर इतनी ताकत पैदा कर देती है कि अगर लक्ष्मण जी को बचाने के लिए संजीवनी बूटी लेने के लिए जा रहे हैं, श्री हनुमान जी के साथ कोई कालनेमी छल छद से धोखा देकर के उन्हें इससे वंचित करने का कुछ प्रयास करता है, तो राम की भक्ति ऐसे कालनेमियों को पूरी तरह से निपटाने में भी सहायक हो जाती है और इसलिए चिंता की बात नहीं. उनकी चिढ़ तो है कि अयोध्या इतनी सुंदर कैसे हो गई. उनकी चिढ़ तो यह है काशी विश्वनाथ धाम इतना सुंदर कैसे हो गया. उनकी चिढ़ तो है कि मां विंध्यवासिनी का धाम इतना अच्छा कैसे हो गया और उनकी चिढ़ तो है कि प्रयागराज का वैभव, महाकुंभ के नाम पर देश और दुनिया को अपनी ओर कैसे आकर्षित कर दे रहा है. उनकी चिढ़ है मथुरा वृंदावन को लेकर, सुख तीर्थ को लेकर और हर एक पौराणिक स्थल को लेकर.”

चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथों में पड़ेगा, तो…

सीएम योगी ने कहा, “जब कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो अब अपने अनुसार फिर वे वही झूठ का सहारा लेकर के कुछ ना कुछ तो बोलेंगे. कुछ ना कुछ तो करेंगे और इनका यह वक्तव्य यही दिखाता है कि अंगूर खट्टे हैं. जनता जनार्दन इनको निकाल चुकी है. बहनों और भाइयों आप अंदाजा इसी से लगा सकते हैं. चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथों में पड़ेगा, तो उससे डकैती डालेगा. समाजवादी पार्टी रामपुर के चाकू का दुरुपयोग कर जनता की जमीनों पर कब्जा करती थी, जनता को प्रताड़ित करती थी, उन्हें हतोत्साहित करती थी. उनका शोषण करती थी और उत्तर प्रदेश के अंदर जब बीजेपी की डबल इंजन सरकार आई, तो यही चाकू जनता की सुरक्षा के लिए उपयोग में आ रहा है और वही सुरक्षा का माहौल अब विकास का पर्याय बन रहा है. यही तो रामपुर का विकास है.”

Latest News

Aaj Ka Rashifal 3 July 2026: आज इन राशियों पर रहेगी किस्मत मेहरबान, जानें मेष से मीन तक कैसा रहेगा आपका दिन

Aaj Ka Rashifal, 03 July 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This