New Delhi: हॉकी इंडिया ने बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त 2026 तक होने वाले FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम का ऐलान कर दिया है. बेहतरीन डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि भारत के लिए सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह इस संतुलित टीम को अपना भरपूर अनुभव देंगे. इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और शानदार युवा प्रतिभाओं का मिश्रण है.
इतिहास लिखने का शानदार मौका
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन को भरोसा है कि चुनी गई टीम के पास भारतीय हॉकी के इतिहास में अपना अध्याय लिखने का शानदार मौका है. टीम की बनावट पर अपने विचार रखते हुए मुख्य कोच फुल्टन ने कहा, “यह एक अच्छी तरह से संतुलित टीम है. इसमें टूर्नामेंट के अनुभव और अच्छे फ़ॉर्म में चल रहे युवाओं का सही मिश्रण है, जिन्होंने अपनी जगह अपनी परफॉर्मेंस के दम पर बनाई है, न कि अपनी प्रतिष्ठा के कारण.”
मोहित एचएस और सूरज करकेरा शामिल
गोलकीपिंग विभाग में मोहित एचएस और सूरज करकेरा शामिल हैं, जबकि डिफेंस यूनिट में जरमनप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं. मिडफील्ड की कमान मनप्रीत, हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद की तिकड़ी संभालेगी, साथ ही नीलाकांता शर्मा और होनहार युवा खिलाड़ी राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे भी इसमें शामिल होंगे.
दबाव बनाना सिर्फ़ हमारी रणनीतिक पहचान नहीं
अटैक की ज़िम्मेदारी मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा के कंधों पर होगी। इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ पूल D में शामिल भारत अपने पूल-स्टेज के सभी मैच एमस्टेलवीन, नीदरलैंड में खेलेगा. मुख्य कोच फुल्टन ने आगे कहा, “प्रेस, काउंटर, परफॉर्म (दबाव बनाना, जवाबी हमला करना और अच्छा प्रदर्शन करना) सिर्फ़ हमारी रणनीतिक पहचान नहीं है बल्कि यह वह तरीका है जिससे यह ग्रुप हर दिन एक साथ ट्रेनिंग करता है और सोचता है.
पूरी ताकत के साथ खेलना
हम बहुत आगे की नहीं सोच रहे हैं. एक बार में एक गेम और पूरी ताकत के साथ खेलना, यही सोच लेकर हम हर मैच में उतरेंगे.” भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा, इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा, जो पूल स्टेज का सबसे चर्चित मुकाबला होगा.
पूरी टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक
इसे भी पढ़ें. दिल्ली में हादसा: घर में लगी भीषण आग, मां और दो बेटियों की दर्दनाक मौत

