Weather Alert Today: देशभर में मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसम तंत्र के असर से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक बारिश का दायरा लगातार बढ़ रहा है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम खराब बना रहेगा. वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा. खासतौर पर पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.
दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है और अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. ऐसे में वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पहाड़ों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश ने खतरा बढ़ा दिया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका बनी हुई है. संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
क्यों बढ़ी बारिश की गतिविधियां?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम बंगाल और उससे सटे बंगाल की खाड़ी के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन दोनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं. आने वाले दिनों में भी मॉनसून के सक्रिय बने रहने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है.

