SAD Chief Sukhbir Singh Badal: बीते गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ हुए हमले के दूसरे दिन शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि ऐसी घटनाओं के पीछे की ताकतें पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश कर रही हैं और उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वह ऐसा नहीं होने देंगे. अपने पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का ज़िक्र करते हुए सुखबीर ने कहा कि उनके पिता ने ऐसी ताकतों के साथ कभी समझौता नहीं किया और हमेशा समुदायों और क्षेत्रों के बीच सद्भाव के लिए खड़े रहे. उन्होंने कहा, “मैं डरता नहीं, हमारे लिए पंजाब और देश का विकास सबसे ऊपर है और सांप्रदायिक सद्भाव व धार्मिक सद्भाव भी सबसे ऊपर हैं”
“मेरे पिता ने इन ताकतों के सामने कभी समझौता नहीं किया”
सुखबीर ने कहा, “मेरे पिता ने इन ताकतों के सामने कभी समझौता नहीं किया. वे हमेशा इस बात के पक्षधर रहे कि सभी समुदायों और सभी क्षेत्रों के लोग मिल-जुलकर और खुशी से रहें. यही वजह है कि जब भी मेरे पिता मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखा और सभी क्षेत्रों का सम्मान किया.” उन्होंने कहा कि अतीत में भी उनके खिलाफ ऐसी कोशिशें की गई थीं और आरोप लगाया कि उन्हीं ताकतों ने फिर से ऐसा करने की कोशिश की है.
उन्होंने कहा, “ये ताकतें, जो पहले भी सक्रिय रही हैं और जिन्होंने एक साल पहले भी मुझ पर हमला करने की कोशिश की थी, उन्होंने फिर से ऐसा करने की कोशिश की है. उनका मकसद पंजाब के हालात पर कब्ज़ा करना और शांति भंग करना है, जिसे अकाली दल के अध्यक्ष के तौर पर मैं कभी नहीं होने दूंगा. मेरे पिता ने भी ऐसा कभी नहीं होने दिया.”

