New Delhi: महिला टी20 एशिया कप में आज भारत और पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाना है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस भिड़ंत में मंधाना अगर 78 रन बनाने में कामयाब हो गईं तो वह इतिहास रच देंगी. मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी. मंधाना ने अपने पिछले मुकाबले में मिताली राज का कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था.
रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम दर्ज
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम दर्ज है. उन्होंने अब तक खेले 178 मुकाबलों में 4758 रन बनाए हैं. दूसरे नंबर पर मौजूद मंधाना के 4681 रन हैं. मंधाना ने यह रन 173 टी20 मैचों में बनाए हैं. बेट्स से आगे निकलने और नंबर-1 बनने के लिए उन्हें 78 रन की दरकार है. टॉप-3 में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी शामिल हैं. हरमनप्रीत ने 204 मैचों में 4231 रन बनाए हैं.
प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं
टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. 2014 से 2026 के बीच मंधाना ने पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में सिर्फ 2 ही अर्धशतक लगाए हैं. उन्होंने कुल 307 रन बनाए हैं, जिसमें सर्वाधिक स्कोर 68 रन है. ऐसे में आज मंधाना एक बड़ी पारी की उम्मीद लेकर मैदान पर उतरेंगी. मंधाना एशिया कप में अच्छी फॉर्म में दिखी हैं. हांगकांग के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने तूफानी शतक लगाया था.
2 मैचों में दमदार बल्लेबाजी
भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. पाकिस्तान पर जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप में टॉप पर रहने के इरादे से उतरेगी. भारतीय टीम ने थाइलैंड और हांगकांग के खिलाफ पिछले 2 मैचों में दमदार बल्लेबाजी की और बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. थाइलैंड के खिलाफ भारत ने 94 रन से जीत दर्ज की, जबकि हांगकांग के खिलाफ 137 रन के बड़े अंतर से मैच जीता है. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय बल्लेबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है. भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक 17 मैच हुए हैं. टीम इंडिया ने 14, जबकि पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं.
इसे भी पढ़ें. शिक्षक दिवस पर CM योगी का संदेशः प्राचीन ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में गुरुजनों की अहम भूमिका

