US Canada Trade War: अमेरिका और कनाडा के बीच जारी ट्रेड वॉर अब और गहरा गया है. इसी क्रम में व्हाइट हाउस ने मंगलवार शाम कनाडा के खिलाफ पांच नए एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी किए. इन आदेशों के तहत कनाडा से आने वाले शराब समेत कुछ उत्पादों के आयात पर रोक लगाने का फैसला किया गया है. वहीं, कनाडा के कई अन्य सामानों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाने का भी प्रावधान किया गया है.
कुछ सामानों पर लगाएगा रोक
यह फैसला ओटावा की ओर से अमेरिका के करीब 28 अरब डॉलर मूल्य के उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगाए जाने के बाद लिया गया है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिका अब कनाडा से आयात होने वाले कुछ सामानों पर प्रतिबंध लगाएगा. इनमें मुख्य रूप से शराब, कुछ डेयरी उत्पाद और मोटरसाइकिलें शामिल हैं. इन नए फैसलों के साथ अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहा ट्रेड वॉर और अधिक गंभीर होता दिखाई दे रहा है.
अन्य उत्पादों पर ठोका 50% टैरिफ US Canada Trade War
सीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने कनाडा से आने वाले कई अन्य सामानों पर भी 50 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी की है. इस सूची में गद्दे और मोटरबोट जैसे उत्पाद भी शामिल हैं. नए टैरिफ इस महीने के अंत में लागू किए जाएंगे. अमेरिका की इस घोषणा के कुछ ही समय पहले कनाडा ने भी अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी शुल्क लागू किया था. कनाडा की ओर से करीब 20 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान पर 15 से 50 फीसदी तक टैरिफ लगाया गया है.
कनाडाई पीएम ने क्या कहा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक नए वीडियो संदेश में देशवासियों को चेताया है कि अमेरिका पर अपनी आर्थिक निर्भरता कम करने की प्रक्रिया आसान नहीं होगी और इसकी कीमत कनाडा को चुकानी पड़ेगी. हालांकि, उनका कहना है कि अमेरिका के दबाव के आगे झुकने का विकल्प इससे भी ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में दोनों देशों के बीच पहले से जारी व्यापारिक तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है, क्योंकि ट्रंप प्रशासन लगातार कनाडाई उत्पादों पर नए प्रतिबंध और टैरिफ लागू कर रहा है.
कब से लागू होगा प्रतिबंध
अमेरिका में कनाडाई शराब से जुड़े नए प्रतिबंध 29 सितंबर से प्रभावी होने वाले हैं. ट्रंप प्रशासन के आदेश के तहत कनाडा से आने वाली बीयर, वाइन, साइडर, व्हिस्की, वोदका और अन्य मादक पेय पदार्थों के आयात पर रोक लगा दी गई है. यह पाबंदी सिर्फ शराब तक सीमित नहीं है. नए आदेश में गुड़, मट्ठे से बने कुछ उत्पाद और नॉन-अल्कोहलिक बीयर को भी प्रतिबंधित सामानों की सूची में शामिल किया गया है.

