Pakistan Airstrikes Afghanistan: एक बार फिर पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की है. सोमवार को तड़के पाकिस्तान की ओर से पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में हमले किए गए. सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे कम ऊंचाई पर उड़ रहे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कुनार के नुरगल जिले के पटंग इलाके में बमबारी की. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि इन हमलों में कितने लोग मारे गए या घायल हुए हैं और कितना नुकसान हुआ है. इन हमलों ने पाक-अफगान बॉर्डर पर भी तनाव बढ़ा दिया है.
सुबह डूरंड लाइन पर भारी गोलीबारी
अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच सोमवार की सुबह डूरंड लाइन पर भारी गोलीबारी होने की बात सामने आई है. गोलीबारी अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत के आर्यूब जाजी जिले और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले से सटे बॉर्डर पर हुई है. बताया गया है कि पाकिस्तान के हवाई हमलों के बाद तालिबान लड़ाकों ने सीमा पर अटैक किया.

