Khavda Renewable Energy Park: गुजरात के कच्छ में तेजी से विकसित हो रहे खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को अब अपनी अलग भौगोलिक पहचान मिल गई है. खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को 370246 का अलग डाक सूचकांक नंबर यानी पिन कोड दिया गया है. इसके साथ ही यहां इंडिया पोस्ट का अपना डिलीवरी कार्यालय भी शुरू हो गया है. इससे इस तेजी से विकसित हो रहे रिन्यूएबल एनर्जी हब को सीधे डाक नेटवर्क से जोड़ दिया गया है. नए डाक कार्यालय के शुरू होने से खावड़ा में रहने और काम करने वाले लोगों के साथ यहां संचालित कारोबार और सेवा प्रदाताओं को भी रोजमर्रा की डाक संबंधी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी. इससे पहले इस इलाके की डाक सेवाएं करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित पोस्ट ऑफिस और कुरान ब्रांच पोस्ट ऑफिस के जरिए संचालित होती थीं.
खावड़ा पोस्ट ऑफिस में मिलेंगी ये सुविधाएं
खावड़ा के नए पोस्ट ऑफिस में स्पीड पोस्ट, पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसके अलावा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक की सेवाएं भी यहां मिलेंगी. उपभोक्ताओं को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इसमें आधार आधारित डिजिटल बैंकिंग सेवाएं शामिल हैं. ऐसे में खावड़ा में रहने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों को डाक और बैंकिंग से जुड़े काम के लिए दूर स्थित पोस्ट ऑफिस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
रिन्यूएबल एनर्जी हब बनने के साथ बदला खावड़ा
कुछ समय पहले तक कच्छ के कम आबादी वाले इलाकों में शामिल खावड़ा अब तेजी से एक बड़े रिन्यूएबल एनर्जी हब के रूप में विकसित हो रहा है. यहां रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं के विस्तार के साथ कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है. इसके साथ ही आवासीय टाउनशिप और दूसरी सहायक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं. इलाके में लगातार बढ़ती आबादी और कामकाज को देखते हुए एक समर्पित डाक सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी. नया पोस्ट ऑफिस शुरू होने के बाद इस जरूरत को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.
370246 पिन कोड से क्या बदलेगा?
खावड़ा को मिला 370246 पिन कोड अब इस रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को एक अलग डाक पता देगा. इससे यहां मौजूद कंपनियों, कर्मचारियों और सेवा प्रदाताओं के लिए डाक और पार्सल की बुकिंग तथा डिलीवरी अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी. पिन कोड केवल डाक पहुंचाने के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं होता. बैंकिंग, बीमा, लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स जैसी सेवाओं में भी किसी इलाके की भौगोलिक पहचान के तौर पर पिन कोड की अहम भूमिका होती है.
10 गीगावाट से ज्यादा रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता चालू
खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड यानी एजीईएल और अन्य डेवलपर्स द्वारा विकसित किया जा रहा है. एजीईएल का प्लांट करीब 538 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है. खावड़ा में अदाणी समूह की ओर से 10 गीगावाट से अधिक रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता पहले ही चालू की जा चुकी है. एजीईएल की परियोजना को वर्ष 2029 तक 30 गीगावाट क्षमता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
15 हजार के करीब कर्मचारी और बढ़ता समुदाय
खावड़ा में रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं के विस्तार के साथ यहां काम करने वाले लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ी है. एजीईएल के प्लांट में करीब 15,000 कर्मचारी और स्टाफ साइट पर रहते हैं. बढ़ते समुदाय की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, रिटेल आउटलेट्स, मनोरंजन क्षेत्रों और बैंकिंग सेवाओं जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. ऐसे में अलग पिन कोड और समर्पित डाक कार्यालय खावड़ा के तेजी से विकसित होते बुनियादी ढांचे का एक और हिस्सा बन गया है.
यह भी पढ़े: नेपाल में मौसम की मारः हिमलुंग हिमाल बेस कैंप में हिमस्खलन, दस लोग लापता, तलाश जारी

