Apple Pay India: भारत में iPhone यूजर्स का करीब 12 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. Apple ने देश में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay की शुरुआत कर दी है. अब iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स अपने डिवाइस के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे. हालांकि, शुरुआत में यह सुविधा सीमित कार्ड्स के साथ उपलब्ध कराई गई है. फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर Apple Pay के जरिए भुगतान किया जा सकता है. भारत में Apple Pay की शुरुआती उपलब्धता अभी सीमित है. कंपनी ने फिलहाल RuPay कार्ड और UPI पेमेंट को Apple Pay के साथ सपोर्ट नहीं दिया है. ऐसे में हर iPhone यूजर अभी इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा. आने वाले समय में Apple की ओर से सपोर्ट का दायरा बढ़ाए जाने की उम्मीद है.
किन यूजर्स को मिलेगा Apple Pay का फायदा?
फिलहाल Apple Pay का शुरुआती सपोर्ट Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के लिए दिया गया है. यानी अगर आपके पास Axis Bank का Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो उसे Apple Wallet में जोड़कर Apple Pay के जरिए पेमेंट किया जा सकता है.
वहीं, Axis Bank का RuPay कार्ड फिलहाल Apple Pay में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. इसके अलावा HDFC Bank, ICICI Bank और SBI जैसे प्रमुख बैंकों के कार्ड्स को भी शुरुआती लॉन्च में सपोर्ट नहीं मिला है. Apple इन बैंकों के साथ आगे सपोर्ट बढ़ाने पर काम कर रहा है.
Apple Pay से कैसे होगा पेमेंट?
Apple Pay इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले सपोर्टेड क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ना होगा. इसके बाद जहां कॉन्टैक्टलेस यानी NFC पेमेंट की सुविधा उपलब्ध होगी, वहां iPhone या Apple Watch को पेमेंट टर्मिनल के पास ले जाकर भुगतान किया जा सकेगा. पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए Face ID, Touch ID या डिवाइस पासकोड के जरिए ऑथेंटिकेशन किया जा सकता है. इसका मतलब है कि हर बार फिजिकल कार्ड निकालने या दुकानदार को कार्ड की जानकारी बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
भारत में इतनी देर से क्यों आया Apple Pay?
Apple Pay की शुरुआत दुनिया के कई बाजारों में काफी पहले हो चुकी थी, लेकिन भारत में इसकी एंट्री में लंबा समय लगा. भारत में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने और देश में Apple के बड़े iPhone यूजर बेस को देखते हुए कंपनी ने अब अपनी पेमेंट सर्विस यहां शुरू की है.
हालांकि, शुरुआती लॉन्च में कार्ड सपोर्ट सीमित रखा गया है. RuPay, UPI और कई बड़े बैंकों के कार्ड्स का सपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं है. ऐसे में भारत में Apple Pay की मौजूदा शुरुआत सीमित दायरे में हुई है, जबकि आगे इसके सपोर्ट का विस्तार होने पर ज्यादा iPhone यूजर्स इसका इस्तेमाल कर सकेंगे.
यह भी पढ़े: आज खत्म हो रही हैं कई जरूरी डेडलाइन, LPG सब्सिडी से लेकर ATM फ्री ट्रांजैक्शन तक बदलेंगे नियम

