Pakistan Crime: पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है. यहां अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को चरमपंथियों ने सीमा शुल्क विभाग के कस्टम अधिकारियों पर गोलीबारी की. इस घटना में कम से कम चार अधिकारियों की मौत हो गई. यह जानकारी अधिकारियों ने दी.
यह हमला तब हुआ, जब सीमाशुल्क विभाग के अधिकारी दक्षिण वजीरिस्तान की सीमा से सटे डेरा इस्माइल खान जिले में ड्यूटी पर थे. अधिकारियों ने बताया कि हमले में चार अधिकारियों की मौत हो गई और उनके शवों को अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया.
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सबूत एकत्र करते हुए घटना की जांच शुरू की. अधिकारियों के मुताबिक, जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर हमले किए गए, जिनमें सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों, राजस्व बोर्ड के कर्मचारियों और यातायात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया. अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के बाद हमलावर मौके पर फरार हो गए.

