Bathinda IT Raid: आयकर विभाग की टीम ने पंजाब के बठिंडा में मानसा रोड पर स्थित पार्क अस्पताल में सोमवार को अचानक छापेमारी की है. इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए आयकर विभाग की 19 सदस्यीय विशेष टीम अस्पताल पहुंची है.
टीम ने प्रवेश और निकास द्वारों को किया सील
टीम के सदस्यों ने आते ही अस्पताल के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को पूरी तरह से सील कर दिया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. यही नहीं, अस्पताल के अंदर मौजूद मरीजों के परिजनों और कर्मचारियों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है.
स्टाफ का फोन जब्त
कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय और प्रभावी बनाए रखने के लिए आयकर विभाग की टीम ने अस्पताल के उच्च अधिकारियों, प्रशासनिक स्टाफ और प्रबंधकों के मोबाइल फोन तुरंत अपने कब्जे में ले लिए हैं. सूत्रों की माने तो, वित्तीय लेन-देन, कर चोरी और खातों में हेराफेरी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर यह छापेमारी की गई है.
टीम खंगाल रही रिकॉर्ड
मिली जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम अस्पताल के रिकॉर्ड रूम, सर्वर रूप और कंप्यूटरों को खंगाल रही है. ये रेड कितनी देर चलेगी और अभी तक इससे क्या मिला हे, इसकी जानकारी किसी से साझा नहीं की गई है. रेड पूरी होने के बाद ही आयकर विभाग इसकी पूर्ण जानकारी साझा करेगा.

