North Korea: उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी अपनी सैन्य ताकत दिखाई है. उसने समुद्र के अंदर से दागी जाने वाली दो तरह की रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया है. उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी KCNA ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. एजेंसी के मुताबिक, ये मिसाइलें बुधवार को पूर्वी सागर में दागी गईं, जिसे जापान सागर भी कहा जाता है. यह टेस्ट ऐसे समय हुआ है, जब दोनों कोरियाई देशों के बीच सीमा पर बारूदी सुरंग विस्फोट और मिसाइल परीक्षणों को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है.
नौसेना के प्रशिक्षण अभ्यास का हिस्सा
KCNA के मुताबिक, मिसाइल परीक्षण का मकसद समुद्र के भीतर तैनात लड़ाकू प्रणालियों की मौजूदा तैयारी को परखना था. इसे नौसेना के प्रशिक्षण अभ्यास का हिस्सा बताया गया. उत्तर कोरिया की सरकारी एजेंसी ने दावा किया कि टेस्ट से देश की रक्षा और दुश्मन को हमले से रोकने की क्षमता की विश्वसनीयता साबित हुई है. एजेंसी ने यह भी कहा कि मिसाइलें दागने से पड़ोसी देशों की सुरक्षा पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा. KCNA की ओर से जारी तस्वीरों में एक मिसाइल समुद्र से सीधे ऊपर उठती दिखाई दी, जिसके पीछे धुएं का घना गुबार था.
उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव
दूसरी तस्वीर में एक प्रोजेक्टाइल पानी से करीब 45 डिग्री के कोण पर निकलता नजर आया. अन्य तस्वीरों में समुद्र के ऊपर क्षैतिज दिशा में उड़ती मिसाइल और पानी की सतह पर चलती एक पनडुब्बी भी दिखाई गई. मिसाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव बढ़ रहा है. 21 सितंबर को कोरियाई सीमा के पास माइंस विस्फोट में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हुए थे. यह घटना असैन्यीकृत क्षेत्र (DMZ) के उस हिस्से में हुई, जो सियोल के नियंत्रण में है.
मिसाइल तकनीक को और बेहतर बनाने की दिशा में टेस्ट
इसके बाद दोनों देशों ने अपनी मिसाइल तकनीक को और बेहतर बनाने की दिशा में टेस्ट किए हैं. अक्टूबर में दोनों तरफ से लगातार मिसाइल टेस्ट हुए हैं. इनमें हाइपरसोनिक हथियारों के परीक्षण भी शामिल हैं. दक्षिण कोरिया ने पिछले सप्ताह अपनी पहली स्वदेशी हाइपरसोनिक मिसाइल का टेस्ट किया था. इससे कुछ दिन पहले प्योंगयांग ने दावा किया था कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से चलने वाली मध्यम दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल लॉन्च की है.
इसे भी पढ़ें. लेह: PM मोदी ने लेह एयरपोर्ट के नए पैसेंजर टर्मिनल का किया उद्घाटन, दी पांच बड़ी सौगातें

