Diwali stamp:दिवाली का त्योहार आने में अब बस कुछ ही दिन बाकी है, जिसका खुमार अमेरिका में भी छाने लगा है. दरअसल, अमेरिका के पोस्टल सर्विस (USPS) ने दिवाली के उपलक्ष्य में एक डाक टिकट जारी किया है, जिसपर ह्यूस्टन की रहने वाली कलाकार संगीता भूताडा द्वारा बनाई गई एक बेहद सुंदर रंगोली का डिजाइन है.
बता दें कि बुधवार, 21 अक्टूबर की शाम वाशिंगटन में भारतीय दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, USPS की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शिबानी गंभीर और संगीता भूताडा ने इस डाक टिकट का अनावरण किया.
10 साल बाद जारी ऐसा डाक टिकट, कौन हैं संगीता भूताडा
इस दौरान USPS ने रंगोली को जमीन पर बनाई जाने वाली एक जीवंत कलाकृति बताया है. भारतीय मान्यता के अनुसार, इसे पारंपरिक रूप से रंगीन चावल के पाउडर, चॉक और फूलों की पंखुड़ियों जैसी चीजों से बनाया जाता है और माना जाता है कि इससे सौभाग्य आता है.
बता दें कि मूल रूप से भारत की रहने वालीं भूताडा लंबे समय से ह्यूस्टन इलाके में रह रही हैं. वह करीब 30 वर्षों से रंगोली की इस प्राचीन लोक कला का अभ्यास कर रही हैं. रंगोली का डिजाइन भूताडा ने बनाया है वहीं इस डाक टिकट को जेनिफर अर्नोल्ड ने डिजाइन किया था, और विलियम जे. गिकर इसके आर्ट डायरेक्टर थे.
भूताडा ने USPS के साथ साझा किए एक दर्जन स्केच
असली रंगोली का व्यास आठ फीट था. इसमें सफेद रंग के अलावा नीला, नारंगी, हरा और लाल जैसे चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया गया था. यह दूसरी बार है जब USPS ने दिवाली के मौके पर कोई डाक टिकट जारी किया है. इससे पहले 2016 में भी ऐसा ही एक टिकट जारी किया गया था.
रंगोली की सदियों पुरानी परंपरा जीवित
वहीं, गंभीर ने कहा कि “USPS 1893 से ही दुनिया भर की संस्कृतियों को सम्मान देने के लिए डाक टिकट जारी कर रहा है. हमारे डाक टिकट एक ऐसी तस्वीर पेश करते हैं जो अमेरिका की समृद्ध और विविध विरासत को दर्शाती है.” वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए, क्वात्रा ने भूताडा को धन्यवाद दिया कि उन्होंने अपने शानदार डिजाइनों के जरिए रंगोली की सदियों पुरानी परंपरा को जीवित रखा है.

