मुंबई इंडियंस में पोलार्ड के बाद उथप्पा, मैक्लेनेघन, दिलीप और कुलकर्णी की भी एंट्री, MI ने कोचिंग सेटअप को दिया ‘नया लुक’

Must Read

Mumbai: मुंबई इंडियंस (MI) ने शुक्रवार को IPL 2027 के लिए रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच, मिशेल मैक्लेनेघन को गेंदबाजी कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है. रॉबिन उथप्पा, मिशेल मैक्लेनेघन और धवल कुलकर्णी पूर्व में मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक खेल चुके हैं. मिशेल मैक्लेनेघन का गेंदबाजी कोच के रूप में स्वागत करते हुए MI ने एक्स पर लिखा, हमें मिच वापस मिल गया. एक फैन फेवरेट जिसने अपनी MI का बैज पहना और MI स्पिरिट को दिखाया. घर में स्वागत है, मिशेल मैक्लेनाघन.

MI 2015, 2017 और 2019 में विजेता रही

न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनेघन ने 2015 से 2019 तक 56 मैच खेले, जिसमें 71 विकेट हासिल किए. इस दौरान MI 2015, 2017 और 2019 में विजेता रही थी. MI ने भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप को अपना फील्डिंग कोच बनाया है. टी. दिलीप भारत के सफलतम फील्डिंग कोच रहे हैं. दिलीप का स्वागत करते हुए MI ने एक्स पर लिखा, भारत के साथ तीन आईसीसी खिताब से लेकर मेडल सेरेमनी के यादगार पलों तक, टी. दिलीप ने अपनी ऊर्जा और पैशन से फैंस का दिल जीता है. अब, वह हमारे फील्डिंग कोच के तौर पर पलटन में भी वही जोश लाते हैं. MI ने पूर्व तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है.

35 मैचों में 36 विकेट लिए

एक्स पर कुलकर्णी का स्वागत करते हुए MI ने लिखा, मुंबई के अपने, घरेलू टीम के दिग्गज, और अब हमारे डेवलपमेंट बॉलिंग कोच. वापसी पर स्वागत है, धवल कुलकर्णी. धवल कुलकर्णी 2007 से 2013 और 2020 से 2021 तक MI का हिस्सा रह चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 35 मैचों में 36 विकेट लिए. इसके अलावा वह गुजरात लायंस और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेल चुके हैं. MI ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है. वह 2007 में T20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं.

IPL करियर का आगाज MI से ही किया

रॉबिन ने 2008 में अपने IPL करियर का आगाज MI से ही किया था. वह IPL के सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं. कोलकाता नाइटराइडर्स (केकआर) को 2014 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले रॉबिन 2021 में लीग जीतने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के सदस्य रहे थे. 2008 से 2022 के बीच रॉबिन उथप्पा ने मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, केकेआर, राजस्थान रॉयल्स और सीएसके के लिए खेले हैं. कुल 205 मैचों की 197 पारियों में इस आक्रामक बल्लेबाज ने 27 अर्धशतक लगाते हुए 4,952 रन बनाए थे.

मुंबई इंडियंस का कोचिंग सेटअप पूरा

मिशेल मैक्लेनेघन, टी. दिलीप, धवल कुलकर्णी और रॉबिन उथप्पा की नियुक्ति के साथ ही IPL 2027 के लिए मुंबई इंडियंस का कोचिंग सेटअप पूरा हो गया है, जो पूरी तरह नया है. MI ने कुछ समय पहले ही कीरोन पोलार्ड को हेड कोच के रूप में नियुक्त किया था. पोलार्ड MI के साथ 2010 से 2022 तक खिलाड़ी और उसके बाद 2026 तक बैटिंग कोच के रूप में जुड़े रहे.

इसे भी पढ़ें. दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत रद्द; 1 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर

Latest News

हूतियों ने सऊदी अरब के तेल, हवाई अड्डों व सैन्य ठिकानों पर किया मिसाइल-ड्रोन से हमला, कई सैनिक और अधिकारी घायल

New Delhi: हूतियों ने सऊदी अरब में तेल सुविधाओं, हवाई अड्डों और एक सैन्य ठिकाने पर छह मिसाइल और...

More Articles Like This