Iran-US Deal: ईरान और अमेरिका के बीच डील नहीं हो पा रही है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि उनका देश किसी भी नए हमले की आशंका से इनकार नहीं करता. उन्होंने कहा कि ईरान की सेना पूरी तरह सतर्क है और किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए उच्च स्तर पर तैयार है. उन्होंने अमेरिका की तरफ से बातचीत शुरू करने की कोशिश को सकारात्मक कदम बताया, लेकिन स्पष्ट किया कि फिलहाल अमेरिकी अधिकारियों के साथ आमने-सामने बैठक करने की कोई योजना नहीं है.
फैसला ईरान की शर्तों पर निर्भर करेगा
उन्होंने कहा कि भविष्य में बातचीत सीधे होगी या किसी मध्यस्थ के जरिये इसका फैसला ईरान की शर्तों पर निर्भर करेगा. इस बीच ईरान ने कतर में भी अपने संपर्क बनाए रखे हैं. हालांकि दूसरी ओर दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावनाएं भी बनी हुई हैं. अराघची के मुताबिक उनके एक वरिष्ठ सहयोगी बातचीत और सलाह-मशविरे के लिए दोहा में मौजूद हैं और उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कुछ प्रस्ताव दिए हैं. अरागची ने अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि ईरान ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से भेजी गई चिट्ठी का अध्ययन किया है.
करीब 6 अरब डॉलर की राशि भी शामिल
ईरान की मांग है कि उसके तेल निर्यात पर लगी पाबंदियों में राहत दी जाए और विदेशों में जमा उसकी रकम वापस दिलाई जाए. इसमें कतर में जमा करीब 6 अरब डॉलर की राशि भी शामिल है. इसके अलावा ईरान चाहता है कि अमेरिका उस पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध हटाए. ईरान का दावा है कि जून 2026 में दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत अमेरिका ने तेल निर्यात में छूट देने और नई पाबंदियां नहीं लगाने का भरोसा दिया था, लेकिन समझौता टूटने के बाद अमेरिका ने यह छूट वापस ले ली.
होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले
अमेरिका की प्रमुख मांग है कि ईरान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले. इस रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से में कच्चे तेल की आपूर्ति होती है. ईरानी मीडिया के मुताबिक केश्म द्वीप के पास दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं पर एक अमेरिकी ड्रोन ने हमला किया, जिसमें दो मछुआरे घायल हो गए. दो अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. हालांकि इस घटना के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. अरागची ने कहा कि अमेरिकी आर्थिक दबाव का ईरान पर असर जरूर पड़ा है, लेकिन उनका देश झुकने वाला नहीं है.
इसे भी पढ़ें. यूपी: ED ने आजम खां को गाजियाबाद कोर्ट में किया पेश, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

