Tehran: ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने जंग रोकने की पूरी जिम्मेदारी अमेरिका के हवाले कर दी है. मंगलवार को संसद (कंसल्टेटिव असेंबली) के एक खुले सत्र को संबोधित करते हुए गालिबाफ ने अपने विचार रखे. स्पष्ट किया कि वो अमेरिका की धमकियों के आगे झुकने वाले नहीं हैं. गालिबाफ ने कहा कि क्षेत्रीय देशों को यह पता होना चाहिए कि ईरान ने अमेरिकी पक्ष को एक मजबूत और तर्कसंगत जवाब दिया है और अब युद्ध रोकने के लिए गेंद अमेरिका के पाले में है.
ईरान ट्रिगर पर उंगली रखे लड़ाई के लिए तैयार
उन्होंने आगे कहा कि ईरान ट्रिगर पर उंगली रखे लड़ाई के लिए तैयार है. चेतावनी दी कि वाशिंगटन की ओर से की गई कोई भी रणनीतिक गलती अमेरिकी सैनिकों को एक नए युद्ध के मैदान में उतरने के लिए मजबूर कर देगी. उन्होंने कहा कि ईरान के अटल रवैए और हार न मानने वाले जज्बे ने इजरायली और अमेरिकी प्रशासन को हताशा की गर्त में धकेल दिया है. गालिबाफ के मुताबिक ईरान इस संघर्ष में विजयी रहा है और उनके विरोधियों को शिकस्त मिली है.
ईरानी राष्ट्र को घुटने टेकने पर मजबूर करने की कोशिश
उन्होंने कहा कि लगातार हार का सामना करने के बाद वे कभी-कभी धमकियों और सैन्य ताकत के जरिए ईरानी राष्ट्र को घुटने टेकने पर मजबूर करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनका यह आकलन गलत है, क्योंकि ईरान कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगा. उन्होंने आगे कहा कि उन्हें यह समझ आ गया होगा कि अनुचित मांगों का दौर अब खत्म हो चुका है. ईरानी स्पीकर के अनुसार, ईरान अपने विरोधियों का जवाब भौगोलिक सीमा के परे जाकर भी देने को तैयार हैं. आगे कहा कि दुश्मन को किसी भी गलतफहमी का शिकार नहीं होना चाहिए.
अपनी रक्षा तैयारियों को सर्वोच्च स्तर पर रखते हैं
ईरान के सशस्त्र बल बिना किसी भौगोलिक सीमा के, अप्रत्याशित तरीके से कार्रवाई करेंगे. ईरान उनके इन गलत आकलनों का अंत कर देगा. उन्होंने आगे कहा कि हम मैदान और सैन्य क्षेत्र में अपनी रक्षा तैयारियों को सर्वोच्च स्तर पर रखते हैं. अगर वाशिंगटन कोई और रणनीतिक गलती करता है तो उसे जान लेना चाहिए कि इस बार उसे एक बिल्कुल नए युद्ध क्षेत्र का सामना करना पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें. पीलीभीत में बोले CM योगी- आज प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है. यही रामराज्य की संकल्पना है

