Uttarkashi Accident: उत्तराखंड से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक बेकाबू इनोवा कार भागीरथी नदी में गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य में जुट गई.

अभी तक चार लोगों के शव बरामद
बताया गया है कि कार में कुल सात लोग सवार थे. अभी तक नदी से चार लोगों के शव बरामद होने की सूचना है. जबकि एक घायल को पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
वाहन में सात लोग सवार
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास कार के नदी में गिरने की सूचना प्राप्त हुई. इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर हुआ. दुर्घटनाग्रस्त वाहन इनोवा कार बताई जा रही है.
सूचना के बाद मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. घटनास्थल पर चार लोगों के शव मिलने की सूचना है. वहीं एक घायल को नदी किनारे से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. रेस्क्यू अभियान को गति देने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल पर भेजा गया है.

