Dhanteras Lakshmi Mantra: धनतेरस का पर्व इस साल 6 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा. हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को पड़ने वाले इस त्योहार को धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी की पूजा और मंत्रों का जाप करना बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने और राशि के अनुसार माता लक्ष्मी के मंत्रों का जाप करने से सुख-समृद्धि, आर्थिक उन्नति और धन-धान्य की प्राप्ति हो सकती है. आइए जानते हैं कि मेष से लेकर मीन राशि तक के जातकों को धनतेरस पर मां लक्ष्मी के किन मंत्रों का जाप करना चाहिए…
मेष और वृश्चिक राशि
मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को धनतेरस के दिन मां महालक्ष्मी की पूजा के साथ ‘ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र का जाप करने से आर्थिक उन्नति के मार्ग खुल सकते हैं और कर्ज से मुक्ति मिलने की संभावना बन सकती है.
वृषभ और तुला राशि
वृषभ और तुला राशि के स्वामी शुक्र ग्रह हैं. ज्योतिष में शुक्र को धन, सुख-सुविधाओं और भौतिक संपन्नता का कारक माना जाता है. इन दोनों राशियों के जातकों को धनतेरस पर ‘ॐ ऐं महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आ सकती है.
मिथुन और कन्या राशि
मिथुन और कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं. इन राशियों के जातकों के लिए धनतेरस के दिन ‘ॐ श्रीं ह्रीं ऐं महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करना शुभ माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र के जाप से जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं और आय के नए स्रोत मिलने के योग बन सकते हैं.
कर्क राशि
कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं. धार्मिक मान्यताओं में चंद्रमा को माता लक्ष्मी का भाई माना जाता है. ऐसे में कर्क राशि के जातकों को धनतेरस पर मां लक्ष्मी की पूजा के साथ ‘ॐ क्लीं महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. मान्यता है कि इससे धन-धान्य की प्राप्ति के साथ मानसिक शांति भी मिल सकती है.
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी सूर्य देव हैं. इस राशि के जातकों को धनतेरस के शुभ अवसर पर ‘ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं श्री सिद्धलक्ष्मै नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धलक्ष्मी के इस मंत्र का जाप करने से शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं.
धनु और मीन राशि
धनु और मीन राशि के स्वामी बृहस्पति यानी गुरु ग्रह हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को धनतेरस के दिन ‘ॐ ह्रीं श्रीं क्लीं महालक्ष्मी नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. इसके साथ ही श्री सूक्त का पाठ करना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त हो सकती है और जीवन में सुख-समृद्धि के अवसर बढ़ सकते हैं.
मकर और कुंभ राशि
मकर और कुंभ राशि के स्वामी शनि देव हैं. इन दोनों राशियों के जातकों को धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी की पूजा के साथ इस मंत्र का जाप करना चाहिए: ‘ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः’. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र के जाप से जीवन में स्थिरता आ सकती है और धन लाभ के योग बन सकते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई सामान्य मान्यताओं और ज्योतिष गणनाओं पर आधारित है. The Printlines इसकी पुष्टि नहीं करता है.)