चाय नहीं, प्रभु स्मरण से करें दिन की शुरुआत: दिव्य मोरारी बापू

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

पुष्कर (राजस्थान): परम पूज्य संत श्री दिव्य मोरारी बापू ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें सुबह उठकर ईश्वर और अपने कर्मों का स्मरण करने की प्रेरणा देती है. हमारी परंपरा ‘प्रभाते करदर्शनम्’ की है, लेकिन आज के समय में कई लोग इसे भूलकर ‘प्रभाते कप दर्शनम्’ यानी सुबह उठते ही चाय की तलाश में लग जाते हैं.

उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति मनुष्य को आध्यात्मिक रूप से कमजोर बनाती है. हमें अपने जीवन का उद्देश्य समझना चाहिए और प्रभु के बताए मार्ग पर चलकर सत्कर्म करने चाहिए.

सूर्य से प्रेरणा लेने की सीख

संत दिव्य मोरारी बापू ने कहा कि सूर्यनारायण हमें प्रकाश और ऊर्जा देने के लिए सुबह से ही अपनी यात्रा शुरू कर देते हैं. इसके बावजूद कई लोग देर तक सोते रहते हैं और तब तक नहीं उठते जब तक कोई उन्हें चाय के लिए नहीं बुलाता.

उन्होंने कहा कि यह आदत मनुष्य को आलस्य और आध्यात्मिक पतन की ओर ले जाती है. मनुष्य को प्रभु की कृपा से मिले जीवन को अच्छे कर्मों में लगाना चाहिए..

सत्कर्म और भक्ति को जीवन का आधार बनाएं

उन्होंने कहा कि मनुष्य को यह याद रखना चाहिए कि उसे ईश्वर ने दो हाथ इसलिए दिए हैं ताकि वह सत्कर्म करे और समाज के लिए उपयोगी बने. जो धन और संसाधन सत्कर्म में लगते हैं, वही वास्तव में मनुष्य की सच्ची कमाई होते हैं.

संत दिव्य मोरारी बापू ने लोगों से आह्वान किया कि वे साल में कुछ समय तीर्थ यात्रा और प्रभु-भजन के लिए जरूर निकालें. इससे जीवन में आध्यात्मिक संतुलन बना रहता है.

अन्न और दान का महत्व बताया

उन्होंने कहा कि अन्न को ब्रह्म का स्वरूप माना गया है, इसलिए इसे कभी भी व्यर्थ नहीं करना चाहिए. भोजन करते समय जूठा छोड़ना भी एक प्रकार का पाप है.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपके घर के द्वार पर कोई जरूरतमंद या भिखारी आता है, तो उसे भी प्रभु का स्वरूप मानकर सम्मान के साथ भोजन देना चाहिए.

भक्तों को दी मंगलकामनाएं

संत दिव्य मोरारी बापू ने अंत में सभी श्रद्धालुओं और हरि भक्तों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु-भक्ति, सेवा और सत्कर्म के मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है. उन्होंने पुष्कर आश्रम और गोवर्धनधाम आश्रम की ओर से सभी भक्तों को शुभकामनाएं दीं.

Latest News

‘ईरान युद्ध में अकेले होते जा रहे हैं ट्रंप?’ लगातार घट रहे समर्थक, अमेरिकी सलाहकारों ने भी दी चेतावनी!

Iran-US War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों का एक बड़ा हिस्सा ईरान के खिलाफ शुरुआती सैन्य कार्रवाई का...

More Articles Like This

Exit mobile version