Karwa Chauth 2026: सुहागिन महिलाओं का खास पर्व करवा चौथ का आगाज होने वाला है. इस बार करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. इस दिन सुहागन अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत करती हैं. करवा चौथ पर सोलह श्रृंगार का विशेष महत्व होता है. सोलह श्रृगांर से न केवल महिला की खूबसूरती बढ़ती है बल्कि उनका और उनके पति का भाग्य भी अच्छा होता है.
इसलिए इस दिन महिलाएं सज-धजकर पूजा करती हैं. वैसे तो हर सुहागन को पता होता है कि सोलह श्रृंगार में कौन कौन से सामान आते हैं. लेकिन जिनकी नई-नई शादी हुई है, उन्हें इस बारे में ज्यादा मालूम नहीं होता. ऐसे में आज हम आपको सोलह श्रृंगार की पूरी लिस्ट के बारे में बताने जा रहे हैं.
Karwa Chauth 2026 पर जरूर करें ये सोलह श्रृंगार
बिंदी
करवा चौथ की पूजा के लिए तैयार होते समय माथे पर लाल रंग की बिंदी जरूर लगाएं. बिंदी कई रंगों में आती है, लेकिन लाल रंग की बिंदी शुभ मानी जाती है. इससे आपकी खूबसूरती में चार चांद लग जाएगी.
सिंदूर
सिंदूर सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है. इससे मांग भरी जाती है. माना जाता है कि इससे पति की लंबी आयु होती है.
लाल जोड़ा
करवा चौथ की पूजा के लिए आप चाहें तो शादी का जोड़ा पहन सकती हैं. अगर लहंगा कैरी करना नहीं चाहती हैं तो लाल रंग की साड़ी पहनें. सुहागिनों के लिए लाल रंग बहुत शुभ होता है.
काजल
करवा चौथ की पूजा के लिए तैयार होते समय आंखों में काजल जरूर लगाएं. काजल लगाने से आपकी आंखों की खूबसूरती बढ़ जाएगी.
मेहंदी
सुहागिन महिलाओं के लिए मेहंदी लगाना शुभ माना जाता है. मेहंदी हाथों की खूबसूरती को बढ़ाती है. इसलिए पूजा से पहले हाथों में मेहंदी जरूर लगाएं.
गजरा
गजरा को बेणी या चूड़ा मणि भी बोलते हैं. कोई अच्छा सा हेयर स्टाइल करके बालों में गजरा जरूर लगाएं.
मांगटीका
मांगटीका को माथे के बीचोबीच पहना जाता है. हर सुहागिन महिला की सुदंरता में मांगटीका चार चांद लगाता है. इसे शादी के बाद शालीनता और सादगी से जीवन बिताने का प्रतीक माना जाता है.
नथ
नथ को नथनी भी कहते हैं. सुहागिन महिलाओं के पास नथ जरूर होनी चाहिए. अगर आपके पास किसी खास स्टाइल की नथ है तो उसे अपने एथनिक लुक के साथ कैरी करें. यह सुंदरता बढ़ाने के साथ ही बुध का दोष भी दूर करता है.
ईयररिंग
करवा चौथ के दिन तैयार होते समय झुमका कैरी करें. अगर आपको हैवी ईयररिंग नहीं पसंद तो आप हल्के टॉप्स भी पहन सकती हैं.
मंगलसूत्र
मंगलसूल के बिना किसी भी सुहागिन महिला का श्रृंगार अधूरा है. ऐसे में पूजा के लिए तैयार होते वक्त मंगलसूत्र जरूर पहनें. ध्यान रहे कि इसे पूजा के बाद तुरंत उतारें नहीं.
बाजूबंद
महिलाओं के सोलह श्रृंगार में बाजूबंद भी शामिल है. अगर आपके पास बाजूबंद नहीं है तो आप आर्टिफिशियल बाजूबंद पहनकर अपना सोलह श्रृंगार पूरा कर सकती हैं. मान्यता है कि इससे परिवार की धन-समृद्धि की रक्षा होती है.
चूड़ी
चूड़ी सुहाग का प्रतीक है. करवा चौथ के दिन अपने आउटफिट के हिसाब से चूड़ी पहनें. अगर आप सिंपल चूड़ी पहनने का सोच रही हैं तो लाल और हरी चूड़ी पहन सकती हैं.
अंगूठी
सोलह श्रृंगार में अंगूठी का विशेष महत्व है. पूजा के दौरान इसे जरूर पहनें. अगर आपके पास आपकी सगाई की अंगूठी है तो उसे पहनना न भूलें.
कमरबंद
कमरबंद को तगड़ी भी कहा जाता है. साड़ी के साथ कमरबंद काफी खूबसूरत लगता है. ऐसे में आप साड़ी या लहंगे के साथ इसे जरूर पहनें. यह इस बात का प्रतीक है कि महिलाएं घर की मालकिन हैं.
बिछिया
मंगलसूत्र की तरह ही सुहाग की निशानी है बिछिया. इसे पूजा के वक्त जरूर पहनें. बिछिया सूर्य और शनि दोष को दूर करती है.
पायल
करवा चौथ के दिन सोलह श्रृंगार करके तैयार हो रही हैं तो पैरों में पायल अवश्य पहनें. इससे आपका लुक भी खूबसूरत दिखेगा और आपका सोलह श्रृंगार भी कंप्लीट हो जाएगा.

