Numerology: अंक ज्योतिष में हर मूलांक का संबंध किसी न किसी ग्रह से माना जाता है, जो व्यक्ति के स्वभाव, सोच और जीवन की दिशा को प्रभावित करता है. आमतौर पर राहु और केतु का नाम सुनते ही लोगों के मन में भय पैदा हो जाता है, क्योंकि ज्योतिष में इन्हें पापी और क्रूर ग्रहों की श्रेणी में रखा गया है. हालांकि अंक ज्योतिष के अनुसार एक ऐसा मूलांक भी है, जिस पर केतु की विशेष कृपा मानी जाती है. कहा जाता है कि केतु के प्रभाव से इस मूलांक के लोगों की किस्मत अचानक बदल सकती है और जीवन में अप्रत्याशित सफलता प्राप्त हो सकती है.
अंक ज्योतिष में मूलांक 7 को केतु का मूलांक माना जाता है. मान्यता है कि इस मूलांक के लोगों में गहरी सोच, रहस्यों को समझने की क्षमता और मजबूत सिक्स्थ सेंस देखने को मिलती है. यही कारण है कि इन्हें कई बार भविष्य में होने वाली घटनाओं का पूर्वाभास भी हो जाता है.
कौन होते हैं मूलांक 7 वाले लोग?
किसी भी महीने की 7, 16 और 25 तारीख को जन्म लेने वाले लोगों का मूलांक 7 माना जाता है. इस मूलांक का स्वामी ग्रह केतु है, जिसे रहस्य, आध्यात्मिकता और गहन ज्ञान का प्रतीक माना जाता है. केतु के प्रभाव के कारण मूलांक 7 के लोग गंभीर, विचारशील और खोजी स्वभाव के होते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई तक जाने की कोशिश करते हैं और सतही जानकारी से संतुष्ट नहीं होते.
अचानक बदल सकती है किस्मत
मान्यता है कि मूलांक 7 वालों के जीवन में कई महत्वपूर्ण घटनाएं अचानक घटित होती हैं. चाहे विवाह हो, करियर में सफलता हो या आर्थिक उन्नति, इन्हें अक्सर अप्रत्याशित रूप से बड़े अवसर प्राप्त होते हैं. शुरुआती जीवन में इन्हें संघर्ष का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदलने लगती हैं और जीवन में सुख-सुविधाओं की प्राप्ति होने लगती है.
पढ़ाई और मेहनत में रहते हैं आगे
मूलांक 7 के लोग पढ़ाई में अच्छे माने जाते हैं और अपने काम के प्रति पूरी लगन से मेहनत करते हैं. किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए ये लगातार प्रयास करते रहते हैं. इनकी एक खास बात यह भी होती है कि ये किसी काम को केवल ऊपर-ऊपर से नहीं समझते, बल्कि उसकी पूरी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं.
रिसर्च और खोज से जुड़े क्षेत्रों में मिलती है सफलता
केतु को गहराई और रहस्य का कारक माना जाता है. इसी वजह से मूलांक 7 वाले लोग रिसर्च, साइंस, ज्योतिष, जासूसी, कोडिंग और छिपे हुए ज्ञान से जुड़े क्षेत्रों में अच्छी सफलता प्राप्त कर सकते हैं. इनकी खोजी प्रवृत्ति इन्हें भीड़ से अलग पहचान दिलाती है और अपने क्षेत्र में विशिष्ट स्थान बनाने में मदद करती है.
अलग सोच बनाती है खास
मूलांक 7 वाले लोग भेड़चाल में चलना पसंद नहीं करते. ये हमेशा कुछ नया और अलग करने की सोच रखते हैं. इनके फैसले कई बार दूसरों को अलग लग सकते हैं, लेकिन माना जाता है कि समय के साथ यही फैसले इन्हें सफलता दिलाते हैं.
सादगी पसंद होता है स्वभाव
करियर और जीवन में सफलता हासिल करने के बाद भी मूलांक 7 के लोगों में घमंड कम देखने को मिलता है. ये दिखावे से दूर रहकर सादा और सरल जीवन जीना पसंद करते हैं. इनका झुकाव आध्यात्मिकता की ओर भी अधिक माना जाता है और ये दान-पुण्य जैसे कार्यों में रुचि रखते हैं.
केतु को मजबूत कैसे करें?
मान्यता के अनुसार केतु को मजबूत करने के लिए रोजाना स्ट्रीट डॉग्स को रोटी या बिस्कुट खिलाना शुभ माना जाता है. इसके अलावा भगवान शिव और भगवान गणेश की नियमित पूजा करने से भी केतु के सकारात्मक प्रभाव को बढ़ाने की बात कही जाती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई सामान्य मान्यताओं और ज्योतिष गणनाओं पर आधारित है. The Printlines इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
ये भी पढ़ें- असफलता से न घबराएं, हिम्मत ही दिलाती है सफलता: दिव्य मोरारी बापू

