Sawan 2026: सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घर में शिवलिंग स्थापित करने की इच्छा रखते हैं. हालांकि, कई लोगों के मन में यह सवाल भी रहता है कि क्या घर में शिवलिंग रखना शुभ होता है?, कौन सा शिवलिंग स्थापित करना चाहिए? और इसकी पूजा के क्या नियम हैं? धर्म शास्त्रों और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, यदि कुछ जरूरी नियमों का पालन किया जाए तो घर में शिवलिंग स्थापित करना शुभ और फलदायी माना जाता है. आइए जानते हैं इस विषय में विस्तार से.
क्या घर में शिवलिंग रखा जा सकता है?
धर्म शास्त्रों के अनुसार, घर में शिवलिंग रखा जा सकता है, लेकिन उसका आकार हाथ के अंगूठे के बराबर या लगभग 2 से 3 इंच तक ही होना चाहिए. साथ ही उसकी नियमित रूप से पूजा और अभिषेक करना भी आवश्यक माना गया है. शिव पुराण और स्कंद पुराण में भी घर में छोटे आकार के शिवलिंग की स्थापना को शुभ और कल्याणकारी बताया गया है. इसलिए घर में बड़ा शिवलिंग स्थापित करने से बचने की सलाह दी जाती है.
घर में कौन सा शिवलिंग रखना सबसे शुभ माना जाता है?
धर्म शास्त्रों और प्रचलित धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में पारद शिवलिंग या नर्मदेश्वर शिवलिंग स्थापित करना अत्यंत शुभ माना जाता है. उन्होंने बताया कि शिवलिंग की जलधारी का मुख हमेशा उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए. अर्थात जिस दिशा से अभिषेक का जल बाहर निकलता है, वह उत्तर दिशा की ओर रहे. इसके साथ ही घर के मंदिर में शिव परिवार की प्रतिमा भी स्थापित करनी चाहिए.
क्या होता है नर्मदेश्वर शिवलिंग?
नर्मदेश्वर शिवलिंग को सबसे पवित्र शिवलिंगों में से एक माना जाता है. मान्यता है कि इसे घर में स्थापित करने के लिए किसी विशेष प्राण-प्रतिष्ठा या विस्तृत पूजा की आवश्यकता नहीं होती. पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव ने मां नर्मदा को वरदान दिया था कि उनके तट का प्रत्येक कंकर शिवलिंग के समान पूजनीय होगा. यही कारण है कि नर्मदा नदी से प्राप्त शिवलिंगों को स्वयंभू माना जाता है.
पारद शिवलिंग क्यों माना जाता है विशेष?
पारद शिवलिंग पारे (Mercury) से तैयार किया जाता है और इसे अत्यंत दुर्लभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसकी पूजा करने से धन, आरोग्य, पद-प्रतिष्ठा और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. साथ ही नवग्रहों से जुड़े दोषों को शांत करने में भी इसकी पूजा लाभकारी मानी जाती है.
शिवलिंग की पूजा करते समय रखें इन बातों का ध्यान
यदि आपने घर में शिवलिंग स्थापित किया है, तो पूजा के दौरान कुछ नियमों का पालन करना जरूरी माना जाता है.
- जलाभिषेक करते समय आपका मुख उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए.
- शिवलिंग पर प्रतिदिन जल अर्पित करें.
- संभव हो तो रोजाना बेलपत्र भी चढ़ाएं.
- अभिषेक के दौरान मन ही मन ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें.
- पूजा के अंत में भगवान शिव की आरती अवश्य करें.
नोट: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और उपलब्ध शास्त्रीय संदर्भों पर आधारित है. The Printlines इसकी पुष्टि नहीं करता. किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या स्थापना से पहले योग्य विद्वान या आचार्य की सलाह अवश्य लें.
यह भी पढ़े: सदाचार और शुद्ध आचरण से ही परिपुष्ट होती है भक्ति: दिव्य मोरारी बापू

