Adani Enterprises: अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने एयरलाइन कारोबार में उतरने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. कंपनी ने साफ कहा है कि वह नई एयरलाइन शुरू करने की किसी भी योजना पर विचार नहीं कर रही है. हाल के दिनों में कई मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार में ऐसी अटकलें सामने आई थीं कि अदाणी समूह जल्द एविएशन सेक्टर में एयरलाइन ऑपरेशन शुरू कर सकता है. अब कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को गलत बताया है.
एयरलाइन शुरू करने की खबरों का किया खंडन
अदाणी एंटरप्राइजेज के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी हाल ही में सामने आई उन मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार की अटकलों का स्पष्ट रूप से खंडन करती है, जिनमें दावा किया गया था कि अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन शुरू करने की योजना बना रही है. कंपनी के अनुसार, ये सभी रिपोर्ट्स पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं. प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अदाणी एंटरप्राइजेज फिलहाल एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है.
एयरपोर्ट सिटी प्रोजेक्ट पर है कंपनी का फोकस
हाल ही में अदाणी एयरपोर्ट्स ने अपने एयरपोर्ट नेटवर्क के आसपास पांच राज्यों में एकीकृत एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की थी. इस परियोजना के पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा. इस योजना के तहत छह हवाईअड्डों में 655 एकड़ से अधिक भूमि का विकास किया जाएगा. इनमें अकेले मुंबई और नवी मुंबई में लगभग 440 एकड़ भूमि शामिल है.
इन छह शहरों में होगा बड़ा विकास
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AACL) के अनुसार, मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में करीब 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का विकास किया जाएगा. इन एयरपोर्ट सिटी परियोजनाओं में होटल, रिटेल स्पेस, मनोरंजन केंद्र, कन्वेंशन सेंटर, ऑफिस कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिन्हें एयरपोर्ट, मेट्रो और शहर की परिवहन व्यवस्था से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा.
मुंबई और नवी मुंबई में होगा सबसे बड़ा निवेश
कंपनी के मुताबिक, प्रस्तावित कुल निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई में किया जाएगा. यह निवेश मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) को देश के प्रमुख वाणिज्यिक, वित्तीय और विमानन केंद्र के रूप में और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अदाणी समूह का कहना है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य आधुनिक, एकीकृत और पैदल चलने योग्य शहरी ढांचा तैयार करना है, जहां यात्रियों, कारोबारियों और स्थानीय लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
यह भी पढ़े: मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट, 16 राज्यों में बारिश, बिजली और तूफानी हवाओं की चेतावनी