Adani Enterprises Q3 Results: अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज किया है. इस अवधि में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 90 गुना बढ़कर 5,627 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि FY26 के पहले नौ महीनों के दौरान उसका कंसोलिडेटेड EBITDA 11,985 करोड़ रुपये रहा, जबकि कुल राजस्व 69,756 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
एयरपोर्ट और रोड प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे
एईएल ने अधिग्रहण के पांच साल से भी कम समय में नवी मुंबई के ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का संचालन शुरू कर इस तिमाही में अपनी मजबूत परिचालन क्षमता और तेजी से परियोजनाएं पूरी करने के ट्रैक रिकॉर्ड को और सुदृढ़ किया है. इसके अलावा अदाणी एंटरप्राइजेज ने दो एचएएम रोड प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरे किए और गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी किया. कंपनी के अनुसार, ये सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की गईं.
गौतम अदाणी बोले—मजबूत रणनीति का नतीजा
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि मजबूत रणनीति और बेहतर कामकाज के कारण कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि यह कंपनी की विविध इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और मजबूत बिजनेस मॉडल की ताकत को दर्शाता है. गौतम अदाणी ने यह भी कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो देश के लिए अहम प्रोजेक्ट तेजी और सटीक तरीके से पूरा करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दिखाता है.
राइट्स इश्यू और NCD से मिली मजबूती
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट, रिन्यूएबल एनर्जी, डेटा सेंटर और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार प्रगति हो रही है. इसके साथ ही राइट्स इश्यू और एनसीडी के जरिए जुटाए गए निवेश से कंपनी आगे तेजी से बढ़ने के लिए तैयार है. अदाणी एंटरप्राइजेज ने 24,930 करोड़ रुपये का राइट्स इश्यू सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसे बाजार से 30% अधिक सब्सक्रिप्शन मिला. इसके अलावा जनवरी 2026 में कंपनी ने 1,000 करोड़ रुपये का एनसीडी इश्यू भी किया.
ग्रीन हाइड्रोजन और सोलर बिजनेस में तेजी
अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज के तहत ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम में हर तिमाही 1 गीगावॉट से अधिक मॉड्यूल बिक्री जारी रही. इस तिमाही में देश में सोलर मॉड्यूल की बिक्री 40% बढ़कर 997 मेगावॉट तक पहुंच गई. अदाणी सोलर अब दुनिया की टॉप-10 सोलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल होने वाली भारत की इकलौती कंपनी बन गई है. इसके साथ ही एईएल के वॉटर बिजनेस को मीठी नदी परियोजना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट भी मिला है.
डेटा सेंटर क्षमता बढ़ी, 5 ट्रिलियन डॉलर विजन पर फोकस
वहीं, एसीएक्स डेटा सेंटर ने 14.4 मेगावॉट नई क्षमता शुरू की, जिससे इसकी कुल ऑपरेशनल क्षमता 50 मेगावॉट से अधिक हो गई है. गौतम अदाणी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, अदाणी एंटरप्राइजेज ऐसी कंपनियां विकसित करता रहेगा जो आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, तकनीक और देश के दीर्घकालिक हितों में योगदान दें.
यह भी पढ़े: हो जाइए तैयार! PM मोदी ने अनाउंस की Pariksha Pe Charcha 2026 की डेट, कहा– जरूर देखिएगा

