AI Semiconductor Market: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इन्फ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश के चलते 2026 में वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 1.6 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचने का अनुमान है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह अनुमान साल की शुरुआत में लगाए गए पूर्वानुमान से 1.5 गुना से भी अधिक है. योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, एआई तकनीक पर नियंत्रण खोने की चिंताओं के बीच इसके विकास को धीमा करने की मांग भी उठ रही है. इसके बावजूद एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ने से सेमीकंडक्टर बाजार को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
Samsung और SK Hynix की बढ़ेगी हिस्सेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स की मेमोरी चिप्स का वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में आधे से अधिक हिस्सा होने की उम्मीद है. एआई सिस्टम में डेटा प्रोसेसिंग की बढ़ती जरूरत से मेमोरी चिप्स की मांग बढ़ रही है. कोरिया एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट बैंक के रिसर्च सेंटर ने ट्रेंडफोर्स समेत वैश्विक बाजार अनुसंधान कंपनियों के विश्लेषण के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है.
2030 तक 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है बाजार
पिछले साल तक अनुमान था कि वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 2030 में 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार करेगा. लेकिन अमेरिका और चीन की बड़ी हाइपरस्केलर कंपनियों द्वारा डेटा सेंटर और एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने से बाजार के अनुमान में बड़ा बदलाव आया है. रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने के अंत तक DRAM की कीमत 25 डॉलर और NAND फ्लैश मेमोरी की कीमत 30.5 डॉलर तक पहुंच गई. एक साल पहले की तुलना में DRAM की कीमत 4.4 गुना और NAND फ्लैश मेमोरी की कीमत 9 गुना बढ़ी है.
हालांकि, अगले साल से मेमोरी चिप्स की कीमतों में स्थिरता आने की उम्मीद है. इसके बावजूद मजबूत मांग के चलते 2030 तक वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार करीब 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बड़ी टेक कंपनियां सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स जैसी कंपनियों के साथ दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते कर रही हैं. इससे सेमीकंडक्टर उद्योग को स्थिरता मिलने में मदद मिल सकती है. उद्योग के सूत्रों के मुताबिक, एआई में बढ़ते निवेश और सेवाओं के विस्तार के कारण निकट भविष्य में मेमोरी चिप बाजार की रफ्तार धीमी पड़ना मुश्किल है.
यह भी पढ़े: Petrol Diesel Price Today: पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, दिल्ली से मुंबई तक जानें अपने शहर में 1 लीटर का भाव