Apple Pay: भारत में Apple यूजर्स के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. Apple अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर सकता है. हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी सितंबर 2026 के अंत या अक्टूबर 2026 की शुरुआत में भारत में Apple Pay पेश कर सकती है. हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाली Apple Pay सर्विस शुरुआत में दूसरे देशों के मुकाबले कुछ सीमित फीचर्स के साथ आ सकती है. सबसे बड़ी बात यह है कि लॉन्च के समय इसमें UPI सपोर्ट नहीं मिलने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में भारतीय यूजर्स के लिए Apple Pay का शुरुआती अनुभव दूसरे देशों से कुछ अलग हो सकता है.
भारतीय बैंकों से बातचीत कर रहा Apple
Apple भारत में अपनी पेमेंट सर्विस शुरू करने के लिए प्रमुख भारतीय बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ पार्टनरशिप को लेकर बातचीत कर रहा है. सर्विस को लॉन्च करने से पहले कंपनी को बैंकिंग इंटीग्रेशन के साथ जरूरी रेगुलेटरी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में Apple भारत में Visa और Mastercard नेटवर्क वाले चुनिंदा क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ने की सुविधा दे सकता है. यानी जिन यूजर्स के पास सपोर्टेड कार्ड होंगे, वे उन्हें अपने iPhone के Wallet ऐप में ऐड कर सकेंगे.
iPhone से कर सकेंगे Tap-and-Pay
Apple Pay के भारत में आने के बाद iPhone यूजर्स NFC-enabled POS मशीन पर अपने फोन को टैप करके पेमेंट कर सकेंगे. पेमेंट को पूरा करने के लिए Face ID या Touch ID के जरिए ऑथेंटिकेशन किया जा सकेगा. भारत में पहले से ही बड़े रिटेल स्टोर, मॉल, रेस्टोरेंट और सुपरमार्केट में कॉन्टैक्टलेस कार्ड पेमेंट की सुविधा वाले POS टर्मिनल मौजूद हैं. ऐसे में Apple Pay iPhone यूजर्स के लिए फिजिकल क्रेडिट कार्ड साथ रखने की जरूरत को कम कर सकता है.
UPI सपोर्ट नहीं मिलने से हो सकती है परेशानी
भारत में Apple Pay के संभावित लॉन्च को लेकर सबसे बड़ा सवाल UPI सपोर्ट को लेकर है. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शुरुआत में Apple Pay में UPI पेमेंट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. भारत में UPI का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग, बिल पेमेंट और दुकानों पर भुगतान से लेकर रोजमर्रा के कई छोटे-बड़े लेनदेन के लिए बड़े स्तर पर किया जाता है. Google Pay और PhonePe जैसे लोकप्रिय पेमेंट ऐप भी UPI पर आधारित हैं. ऐसे में अगर Apple Pay के लॉन्च के समय UPI सपोर्ट नहीं मिलता है, तो यूजर्स इसके जरिए UPI QR कोड स्कैन करके पेमेंट नहीं कर सकेंगे. इसके अलावा सीधे UPI पेमेंट करने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी.
इस वजह से शुरुआती दौर में Apple Pay का इस्तेमाल भारत में मुख्य रूप से सपोर्टेड क्रेडिट कार्ड और NFC आधारित Tap-and-Pay पेमेंट तक सीमित रह सकता है.
यह भी पढ़े: लंबे समय तक बैठने वालों के लिए रामबाण है ये योगासन, शरीर की जकड़न से मिलेगी राहत

