Apple Production in India: भारत में तेजी से बढ़ रहा एप्पल का उत्पादन, 2025 में 5.5 करोड़ iPhone असेंबल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Apple Production in India: दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल भारत में अपने उत्पादन को तेजी से बढ़ा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 में कंपनी ने भारत में करीब 5.5 करोड़ iPhone यूनिट्स की असेंबली की है, जो पिछले वर्ष के 3.6 करोड़ यूनिट्स की तुलना में लगभग 53 प्रतिशत अधिक है. इससे साफ है कि भारत एप्पल के लिए एक महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग हब बनता जा रहा है.

चीन पर निर्भरता कम करने की रणनीति

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार एप्पल अमेरिका में चीनी उत्पादों पर लगने वाले टैरिफ से बचने के लिए भारत में अपने फ्लैगशिप प्रोडक्ट्स का बड़ा हिस्सा तैयार कर रहा है. कंपनी अब अपने लगभग एक चौथाई प्रीमियम iPhone मॉडल भारत में ही बना रही है.

हर साल बनते हैं करोड़ों iPhone

एप्पल वैश्विक स्तर पर हर साल करीब 22 से 23 करोड़ iPhone का उत्पादन करता है. इसमें भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ती जा रही है. इसकी एक बड़ी वजह भारत सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI योजना है, जिसने कंपनियों को भारत में उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है.

भारत में बन रहे iPhone 17 के मॉडल

एप्पल अब भारत में फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और पेगाट्रॉन जैसी कंपनियों के जरिए iPhone 17 सीरीज के सभी मॉडल तैयार कर रहा है. इसमें प्रो और प्रो मैक्स मॉडल भी शामिल हैं. वहीं iPhone 15 और iPhone 16 जैसे पुराने मॉडल भारत में घरेलू बिक्री और निर्यात के लिए बनाए जा रहे हैं.

भारत में तेजी से बढ़ रहा एप्पल का कारोबार

भारत में एप्पल की बिक्री 9 अरब डॉलर से अधिक पहुंच चुकी है. इसी के चलते कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क का भी विस्तार कर रही है. फिलहाल भारत में एप्पल के छह स्टोर संचालित हो रहे हैं और कंपनी आगे भी विस्तार की योजना बना रही है.

जल्द लॉन्च हो सकता है Apple Pay

रिपोर्ट्स के अनुसार एप्पल इस साल के अंत तक भारत में Apple Pay सेवा लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. इससे डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भी कंपनी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है.

भारत के लिए बड़ा निर्यात अवसर

इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक 2025 में भारत से निर्यात होने वाली सबसे मूल्यवान वस्तु iPhone बन गया है. देश के विभिन्न प्लांट्स से एप्पल ने करीब 23 अरब डॉलर मूल्य के iPhone निर्यात किए, जिनमें से अधिकांश अमेरिका भेजे गए. जनवरी से दिसंबर 2025 के दौरान कुल 30.13 अरब डॉलर के निर्यात के साथ स्मार्टफोन पहली बार भारत की शीर्ष निर्यात श्रेणी बन गए. इसमें एप्पल की हिस्सेदारी लगभग 76 प्रतिशत रही है.

यह भी पढ़े: Air India Fuel Surcharge: एयर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट टिकट होंगे महंगे

More Articles Like This

Exit mobile version