Bharti Airtel Q3 results: देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने गुरुवार को वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55 प्रतिशत घटकर 6,630.5 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 14,781.2 करोड़ रुपये था. मुनाफे में यह गिरावट मुख्य रूप से पिछले साल के उच्च आधार के कारण रही, जब वित्त वर्ष 24 की दिसंबर तिमाही में एयरटेल को 7,545.6 करोड़ रुपये का असाधारण लाभ मिला था. इसके अलावा नए लेबर कोड लागू होने से 256.8 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च ने भी मुनाफे पर दबाव डाला है.
तिमाही आधार पर मुनाफा और आय-खर्च का हाल
तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 2.3% की कमी आई है. वित्त वर्ष 26 की सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 6,791.7 करोड़ रुपये था. वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय 54,683.9 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की 45,599 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 19.92% अधिक है. चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 23,198.8 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 25 की दिसंबर तिमाही के 20,532.7 करोड़ रुपये से अधिक है. यह सालाना आधार पर खर्च में 12.98% की वृद्धि को दर्शाता है.
ARPU और डेटा उपयोग में मजबूती
भारती एयरटेल के अनुसार दिसंबर तिमाही में कंपनी की औसत आय प्रति उपयोगकर्ता बढ़कर 259 रुपये हो गई है, जो सितंबर तिमाही में 256 रुपये और दिसंबर 2024 में 245 रुपये थी. वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही के दौरान एयरटेल के नेटवर्क पर कुल 26,056 मिलियन जीबी डेटा का उपयोग दर्ज किया गया है. यह सितंबर तिमाही के 24,446 मिलियन जीबी की तुलना में 6.6% और पिछले वर्ष की दिसंबर तिमाही के 20,174 मिलियन जीबी के मुकाबले 29.2% अधिक है.
प्रति उपयोगकर्ता डेटा खपत और कर्मचारियों की संख्या
दिसंबर तिमाही में प्रति उपयोगकर्ता मासिक डेटा खपत 29.8 जीबी रही, जो सितंबर तिमाही के 28.3 जीबी के मुकाबले 5% और पिछले साल की दिसंबर तिमाही के 24.5 जीबी की तुलना में 21.5% अधिक है.वहीं कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में तिमाही और सालाना दोनों आधार पर गिरावट दर्ज की गई है. वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही में एयरटेल में कुल 24,186 कर्मचारी कार्यरत थे, जो सितंबर तिमाही के मुकाबले 205 और वित्त वर्ष 25 की दिसंबर तिमाही के मुकाबले 340 कम हैं.
यह भी पढ़े: भारत में 2035 तक 2.7 अरब वर्ग फुट शैक्षणिक स्पेस जुड़ेगा, करीब 100 अरब डॉलर के निवेश की संभावना

