Delhi Liquor Price: दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए दिवाली से पहले जेब ढीली हो सकती है. राजधानी में जल्द शराब की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति के जरिए अपना राजस्व बढ़ाने की तैयारी में है और इसके तहत आबकारी शुल्क यानी एक्साइज ड्यूटी के साथ रिटेल मार्जिन बढ़ाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है. अगर प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो अक्टूबर से ही शराब की कीमतों पर इसका असर दिखाई दे सकता है.
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नई आबकारी नीति का फाइनल ड्राफ्ट तैयार हो चुका है. रिपोर्ट में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, “अगर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई जाती है, तो शराब की कीमतें भी बढ़ेंगी.” एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी बताया कि नई एक्साइज पॉलिसी का अंतिम ड्राफ्ट तैयार है. रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह दिल्ली के आबकारी आयुक्त रवि झा का तबादला अरुणाचल प्रदेश कर दिया गया.
अब नए अधिकारी की नियुक्ति के बाद ड्राफ्ट प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए दिल्ली कैबिनेट और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के पास भेजा जाएगा.
लाइसेंस फीस में भी 10 फीसदी तक बढ़ोतरी
शराब कारोबार से जुड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट यानी HCR कैटेगरी के लाइसेंस को मौजूदा आबकारी नीति के तहत कारोबारी वर्ष 2026-27 के अंत तक रिन्यू करने का आदेश दिया गया है. इसके साथ ही लाइसेंस फीस में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी का फैसला भी किया गया है. लाइसेंस फीस और अन्य शुल्क बढ़ने की स्थिति में इसका असर शराब की बिक्री कीमतों पर भी पड़ सकता है. हालांकि, कीमतों में वास्तविक बढ़ोतरी कितनी होगी, यह नई आबकारी नीति को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही साफ होगा.
दिवाली और न्यू ईयर पर बढ़ जाती है शराब की मांग
दिल्ली में दिवाली और न्यू ईयर के दौरान शराब की बिक्री में काफी तेजी आती है. पिछले साल के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के महज 15 दिनों में दिल्ली सरकार को शराब से 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व मिला था. सरकार इसी त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली मांग का इस्तेमाल अपने राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए करना चाहती है. चालू वित्त वर्ष में सरकार ने शराब से करीब 7,200 करोड़ रुपये का टैक्स जुटाने का लक्ष्य रखा है.
अक्टूबर में सामने आ सकती है नई नीति
नई आबकारी नीति को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही यह तय होगा कि एक्साइज ड्यूटी और रिटेल मार्जिन में कितना बदलाव किया जाएगा. अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो अक्टूबर में लागू होने वाली नई व्यवस्था का असर त्योहारी सीजन के दौरान शराब की कीमतों पर पड़ सकता है. फिलहाल दिल्ली में शराब खरीदने वालों की नजर सरकार के अगले फैसले पर है, क्योंकि दिवाली से ठीक पहले कीमतों में बदलाव होने पर ग्राहकों के साथ-साथ शराब विक्रेताओं और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़े: आज 10 ग्राम सोने के लिए कितने रुपये खर्च करने होंगे? जानें 24, 22 और 18 कैरेट का ताजा भाव

