Gold Price Today 27 August 2026: सोने की कीमतों में पिछले चार दिनों से जारी तेजी का सिलसिला आखिरकार थम गया है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में 27 अगस्त को सोने के भाव में 600 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई. इसके साथ ही 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इससे एक दिन पहले सोने की कीमत 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी.
वहीं, चांदी के भाव में मामूली तेजी देखने को मिली है. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार के 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बंद भाव के मुकाबले चांदी 500 रुपये महंगी होकर 2,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. ये कीमतें सभी करों सहित हैं.
यह भी पढ़े: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा: ट्रक ने बस में मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, 11 घायल
आज कितनी है सोने की कीमत?
सोने के भाव में आज भी गिरावट का रुख बना हुआ है. Eastern Herald की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की बेस कीमत 16,200 रुपये प्रति ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव 14,850 रुपये प्रति ग्राम है. बुधवार के मुकाबले दोनों कीमतों में क्रमशः 174 रुपये और 150 रुपये की कमी आई है.
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दिन सोने की बेस प्राइस करीब 1,63,740 रुपये थी, जो आज घटकर 1,62,000 रुपये हो गई है. इस तरह 10 ग्राम की कीमत में 1,740 रुपये का सीधा अंतर आया है. बेस प्राइस का मतलब किसी वस्तु की वह मूल कीमत है, जिसमें टैक्स, ड्यूटी या अन्य अतिरिक्त चार्ज शामिल नहीं होते हैं.
सोने की कीमत क्यों गिर रही है?
सोने की कीमतों में आई गिरावट को अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से जोड़कर देखा जा रहा है. यूएस पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) इंडेक्स जुलाई में 3.7% रहा, जो अमेरिकी फेडरल रिजर्व के 2% के लक्ष्य से काफी ऊपर है. महंगाई के इस आंकड़े के सामने आने के बाद स्पॉट गोल्ड की कीमत तीन महीने के उच्चतम स्तर से गिरकर 4,633 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.
सोने की कीमतों पर PCE का सीधा असर क्यों?
अमेरिका में जब महंगाई दर यानी PCE इंडेक्स उम्मीद से अधिक या मजबूत बनी रहती है, तो इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ता है. PCE इंडेक्स अमेरिकी फेडरल रिजर्व के लिए महंगाई का एक महत्वपूर्ण संकेतक है. PCE के 3.7% पर बने रहने से बाजार में यह आशंका बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व सितंबर की बैठक में ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है. ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के बीच निवेशक बेहतर रिटर्न की तलाश में सोने से पैसा निकालकर बॉन्ड और डॉलर में निवेश करने लगते हैं.
महंगाई के मजबूत आंकड़ों के बाद अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में भी सुधार देखा गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार डॉलर में होता है. ऐसे में डॉलर मजबूत होने पर सोना भारतीय रुपये जैसी दूसरी मुद्राओं में निवेश करने वालों के लिए महंगा हो जाता है. इससे वैश्विक मांग प्रभावित होती है और सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ता है.
आपके शहर में आज सोने का भाव
भारत में सोने की कीमत शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है. मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 1,61,900 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1,48,400 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
वहीं, कोलकाता और लखनऊ में सोने की कीमतें एक समान हैं. यहां 24 कैरेट सोने का भाव 1,62,100 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
आज चांदी की कीमत
27 अगस्त को भारत में चांदी की औसत कीमत करीब 2,59,900 रुपये से 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बनी हुई है. वैश्विक बाजार और घरेलू कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह के शुरुआती कारोबार में तेजी के चलते खुदरा भाव में भी सुधार देखने को मिला है.
आज 1 ग्राम चांदी की कीमत करीब 260 से 265 रुपये, जबकि 10 ग्राम चांदी का भाव 2,600 से 2,650 रुपये के बीच है. वहीं, 1 किलोग्राम चांदी की कीमत 2,59,900 रुपये से 2,65,000 रुपये के बीच बनी हुई है.
यह भी पढ़े: Sensex opening Bell: मजबूत वैश्विक संकेतों से हरे निशान में खुला शेयर बाजार, जानें सेंसेक्स निफ्टी का हाल