नए इनकम टैक्स नियमों और फॉर्म्स को लेकर सरकार ने आम लोगों से मांगे सुझाव

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

केंद्र सरकार ने आयकर अधिनियम 2025 के तहत तैयार किए जा रहे नए नियमों और फॉर्म्स को लेकर आम लोगों से सुझाव आमंत्रित किए हैं, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे. वित्त मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इनकम टैक्स नियमों और फॉर्म्स को अंतिम रूप देने से पहले व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इनके प्रस्तावित ड्राफ्ट को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है.

CBDT ने क्या कहा

सीबीडीटी (केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड) ने कहा कि इनकम टैक्स नियम और फॉर्म्स को इनकम टैक्स एक्ट 2025 के प्रावधानों के अनुसार तैयार किया गया है, जिसमें पहले से कई स्तर पर सलाह-मशविरा किया गया है. सभी संबंधित लोगों से अपील की गई है कि वे इन नियमों और फॉर्म्स को ध्यान से पढ़ें और अपने सुझाव दें, जिन्हें अंतिम नोटिफिकेशन से पहले देखा जाएगा. सीबीडीटी ने बताया कि सुझाव चार मुख्य बिंदुओं पर मांगे गए हैं. इनमें भाषा को और सरल बनाने, कानूनी विवादों की संभावनाएं कम करने, टैक्स से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान करने और पुराने या अनुपयोगी नियमों व फॉर्म्स की पहचान करने जैसे बिंदु शामिल हैं.

सुझाव देने की प्रक्रिया

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सुझाव देने के लिए लोगों को अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा. सुझाव देते समय यह स्पष्ट करना जरूरी होगा कि वह किस नियम, उप-नियम या फॉर्म नंबर से संबंधित है और वह निर्धारित चार श्रेणियों में से किसके अंतर्गत आता है.

1 अप्रैल 2026 से लागू होगा नया कानून

बजट के दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया था कि इनकम टैक्स एक्ट 2025 को 1 अप्रैल 2026 से लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नए इनकम टैक्स फॉर्म्स इस तरह डिजाइन किए गए हैं कि आम करदाताओं को टैक्स नियमों का पालन करने में किसी तरह की दिक्कत न हो.

नए प्रावधानों में क्या होगा खास

नए प्रावधानों में बीमा क्लेम पर मिलने वाले ब्याज पर छूट, छोटे टैक्सपेयर्स के लिए शून्य कटौती प्रमाण पत्र और बिना ऑडिट वाले मामलों में आईटीआर भरने की आखिरी तारीख को बढ़ाकर 31 अगस्त करना शामिल है. वित्त मंत्री ने बताया कि जुलाई 2024 में इनकम टैक्स एक्ट 1961 की व्यापक समीक्षा की घोषणा की गई थी, जिसे रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया. इसके बाद तैयार किया गया नया इनकम टैक्स एक्ट 2025, 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और इसके तहत टैक्स फॉर्म्स को आम करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए सिरे से तैयार किया गया है.

Latest News

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ‘नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान’, लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार- सीएम योगी

Noida: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह में संबोधित...

More Articles Like This

Exit mobile version