2025 में 8% बढ़ा भारत के स्मार्टफोन बाजार का मूल्य, Apple की रही सबसे ज्यादा हिस्सेदारी: Report

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

वर्ष 2025 में भारत के स्मार्टफोन बाजार में वॉल्यूम के लिहाज से सालाना आधार पर महज 1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि वैल्यू के मामले में 8% की मजबूत ग्रोथ देखने को मिली. इससे संकेत मिलता है कि उपभोक्ता अब ज्यादा कीमत वाले और प्रीमियम स्मार्टफोन्स को प्राथमिकता दे रहे हैं. काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार भारत में शिप होने वाले हर पांच में से एक स्मार्टफोन अब प्रीमियम सेगमेंट से जुड़ा है. इसी दौरान एप्पल ने अब तक का अपना सबसे ऊंचा वैल्यू शेयर दर्ज किया है.

ब्रांड्स की परफॉर्मेंस और बाजार हिस्सेदारी

रिपोर्ट के अनुसार 2025 में वॉल्यूम के लिहाज से आईक्यूओओ (iQOO) को छोड़कर वीवो 20% हिस्सेदारी के साथ बाजार में सबसे आगे रहा. वहीं एप्पल ने 28% वैल्यू शेयर के साथ पहला स्थान हासिल किया और आईफोन 16 सबसे ज्यादा शिप होने वाला मॉडल बना. सैमसंग वॉल्यूम के लिहाज से दूसरे स्थान पर रहा. कंपनी ने बजट और प्रीमियम दोनों सेगमेंट के स्मार्टफोन्स पर फोकस बनाए रखा. प्रीमियम डिवाइस की बढ़ती मांग का असर यह रहा कि गैलेक्सी एस सीरीज की हिस्सेदारी सैमसंग के कुल शिपमेंट में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई.

तेजी से बढ़ते ब्रांड और सब-ब्रांड

साल 2025 में मोटोरोला वॉल्यूम के आधार पर सबसे तेजी से बढ़ने वाला स्मार्टफोन ब्रांड रहा, जिसकी सालाना ग्रोथ 54% दर्ज की गई. वहीं सीएमएफ सबसे तेजी से उभरने वाला सब-ब्रांड रहा, जिसने 83% की प्रभावशाली ग्रोथ हासिल की. काउंटरपॉइंट के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक ने बताया कि 2025 में भारत की आर्थिक स्थिति स्थिर और मजबूत रही. घरेलू मांग अच्छी बनी रही, महंगाई काबू में रही और रेपो रेट में कटौती से उपभोक्ताओं के लिए खर्च करना आसान हुआ.

उन्होंने कहा कि कंपनियों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अपने प्रीमियम स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को मजबूत किया. बेहतर कैमरा, खासतौर पर पोर्ट्रेट फोटोग्राफी और फ्लैगशिप जैसे फीचर्स पर जोर दिया गया. साथ ही आसान फाइनेंस विकल्पों ने भी नए फोन खरीदना आसान बनाया.

सालभर बाजार की चाल और प्रीमियम सेगमेंट का दबदबा

साल 2025 में स्मार्टफोन बाजार की चाल मिली-जुली रही. साल की शुरुआत में ज्यादा स्टॉक और कम लॉन्च के कारण बिक्री धीमी रही, लेकिन दूसरी तिमाही से नए लॉन्च, आकर्षक ऑफर और त्योहारों के चलते मांग में तेजी आई, जिससे तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड वैल्यू दर्ज की गई.

30,000 रुपये से अधिक कीमत वाले प्रीमियम स्मार्टफोन्स 2025 में सबसे तेजी से बढ़ने वाले सेगमेंट के तौर पर सामने आए. इस कैटेगरी की बिक्री में सालाना आधार पर 11% की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कुल शिपमेंट में इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 22% तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.

More Articles Like This

Exit mobile version