India-US Trade Deal: अमेरिका-भारत ट्रेड डील के बाद झूमा शेयर बाजार; 2,073 अंक उछला सेंसेक्स

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

अमेरिका-भारत ट्रेड डील के असर से मंगलवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2,072.67 अंक या 2.54% की तेजी के साथ 83,739.13 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 639.15 अंक या 2.55% की बढ़त के साथ 25,727.55 पर बंद हुआ. बाजार को मजबूती देने में रियल्टी और वित्तीय शेयरों की अहम भूमिका रही. सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी रियल्टी 4.79% और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 3.27% की तेजी के साथ टॉप गेनर्स रहे. इसके अलावा निफ्टी हेल्थकेयर 3.16%, निफ्टी इन्फ्रा 3.03%, निफ्टी फार्मा 3.02%, निफ्टी एनर्जी 3.02%, निफ्टी ऑटो 2.81% और निफ्टी मेटल 2.87% की मजबूती के साथ बंद हुए.

सेंसेक्स पैक में 28 शेयरों में तेजी, मिडकैप-स्मॉलकैप भी मजबूत

सेंसेक्स पैक में 30 में से 28 शेयर हरे निशान में बंद हुए. अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, इटरनल, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक और एमएंडएम टॉप गेनर्स रहे. वहीं, बीईएल और टेक महिंद्रा टॉप लूजर्स में शामिल रहे. लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,639.50 अंक या 2.84% की मजबूती के साथ 59,307.10 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 465.60 अंक या 2.82% की तेजी के साथ 16,988.95 पर पहुंच गया.

मार्केट एक्सपर्ट्स बोले—ट्रेड डील से लंबी अवधि में फायदा

मार्केट एक्सपर्ट सुनील शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से घरेलू अर्थव्यवस्था और पूंजी बाजारों के लिए सकारात्मक माहौल बना है. उनका मानना है कि इससे लंबी अवधि में भारत को तेज विकास दर हासिल करने में मदद मिलेगी. शाह ने आगे बताया कि इस समझौते से टेक्सटाइल, रत्न एवं आभूषण समेत कई अन्य सेक्टरों को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है. वहीं, मार्केट एक्सपर्ट जितेंद्र व्यास ने कहा कि इस ट्रेड डील पर शेयर बाजार ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जिसका असर आगे भी देखने को मिलेगा.

टेक्सटाइल, फार्मा और IT सेक्टर को मिलेगा लाभ

इस ट्रेड डील से टेक्सटाइल सेक्टर को बड़ा फायदा होने की संभावना है, क्योंकि भारतीय निर्यातक अमेरिका में बांग्लादेश जैसे देशों के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी कीमतों पर अपने उत्पाद बेच सकेंगे. इसके अलावा फार्मा और आईटी सेक्टर को भी इस समझौते से लाभ मिलने की उम्मीद है.

टैरिफ घटने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, 15% तक तेजी की उम्मीद

शेयर मार्केट एक्सपर्ट दीपेन दुधिया ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ के कारण पहले बाजार में दबाव देखने को मिला था, लेकिन अब यह घटकर 18% रह गया है. इससे बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ेगी. विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में शेयर बाजार में करीब 15% तक की तेजी देखने को मिल सकती है.

More Articles Like This

Exit mobile version