Petrol-Diesel Price Hike: देश में कहां सबसे महंगा और सबसे सस्ता मिल रहा पेट्रोल? नए रेट ने बढ़ाई लोगों की टेंशन

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Petrol-Diesel Price Hike: देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है. लेकिन क्या आपको पता है कि भारत में एक ऐसी जगह भी है जहां पेट्रोल अभी 82 रुपये लीटर मिल रहा है, जबकि एक शहर में इसकी कीमत 113 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है? तेल की कीमतों में इतना बड़ा अंतर आखिर क्यों है और किस शहर में लोगों को सबसे ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं?

15 मई से लागू हुए नए रेट के बाद कई महानगरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है. वहीं, डीजल की कीमतों में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला है. ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि देश में सबसे महंगा और सबसे सस्ता पेट्रोल कहां बिक रहा है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.

महानगरों में बढ़े पेट्रोल के दाम

  • दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
  • मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.54 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. वहीं डीजल की कीमत 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
  • कोलकाता में पेट्रोल अब 108.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि बढ़ोतरी से पहले इसकी कीमत 105.45 रुपये प्रति लीटर थी. यहां डीजल की कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर है.
  • चेन्नई में पेट्रोल 100.80 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल की कीमत 95.25 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है.

देश में सबसे महंगा पेट्रोल कहां बिक रहा?

रिपोर्टों के मुताबिक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में देश का सबसे महंगा पेट्रोल बिक रहा है. यहां पेट्रोल की कीमत 111 रुपये प्रति लीटर से 113 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच गई है. विजयवाड़ा में डीजल की कीमत 97.26 रुपये प्रति लीटर से 97.57 रुपये प्रति लीटर के बीच बताई जा रही है. आंध्र प्रदेश के शहरों और जिला केंद्रों में ऊंची वैट (VAT) और माल ढुलाई शुल्क के कारण ईंधन की कीमतें अधिक हैं.

यहां मिल रहा देश का सबसे सस्ता पेट्रोल

भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में मिल रहा है. यहां पेट्रोल की कीमत सिर्फ 82.46 रुपये प्रति लीटर है. वहीं पोर्ट ब्लेयर में डीजल 78.05 रुपये प्रति लीटर के किफायती रेट पर बिक रहा है. यहां कीमतें कम होने की वजह यह है कि केंद्र सरकार ने स्थानीय वैट को सिर्फ 1 प्रतिशत तक सीमित रखा है.

बड़े शहरों में कहां सबसे सस्ता ईंधन?

देश के बड़े शहरों में दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतें मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे महानगरों के मुकाबले कम हैं. दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. इसके अलावा चंडीगढ़ में भी ईंधन अपेक्षाकृत सस्ता मिल रहा है. यहां पेट्रोल 97.27 रुपये प्रति लीटर और डीजल 85.25 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.

क्यों अलग-अलग हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट (VAT), स्थानीय टैक्स और माल ढुलाई खर्च है. जिन राज्यों में टैक्स ज्यादा होता है वहां ईंधन की कीमतें भी ज्यादा दिखाई देती हैं. ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से राशन, सब्जियां, दूध और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ता है. ऐसे में आने वाले दिनों में आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ और बढ़ सकता है.

यह भी पढ़े: Stock Market Opening: बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, आईटी और ऑटो शेयरों में शानदार तेजी

Latest News

पाप की कमाई में से किये गये दान को प्रभु नहीं करते पसंद: दिव्य मोरारी बापू

Puskar/Rajasthan: परम पूज्य संत श्री दिव्य मोरारी बापू ने कहा, जो जीवन सही ढंग से नहीं जीता है सामाजिक...

More Articles Like This

Exit mobile version