जनवरी महीने में म्यूचुअल फंड एसआईपी का इनफ्लो 31,000 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है. यह लगातार दूसरा मौका है जब एसआईपी निवेश 31,000 करोड़ रुपये या उससे ऊपर रहा है. इससे पहले दिसंबर में एसआईपी इनफ्लो 31,002 करोड़ रुपये था. सालाना आधार पर देखें तो मासिक सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) में 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 26,400 करोड़ रुपये था. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में करीब 74 लाख नए एसआईपी खाते खोले गए.
SIP खातों में बढ़ोतरी, AUM में मामूली गिरावट
दूसरी ओर इसी अवधि में 55 लाख एसआईपी खाते बंद भी हुए हैं. इसके बावजूद देश में कुल एसआईपी खातों की संख्या बढ़कर 10.29 करोड़ हो गई है, जो दिसंबर में 10.11 करोड़ थी. डेटा के अनुसार जनवरी में एसआईपी एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) घटकर 16.36 लाख करोड़ रुपये रह गया, जबकि दिसंबर में यह 16.63 लाख करोड़ रुपये था. इसकी प्रमुख वजह बाजार में आई गिरावट को माना जा रहा है.
गोल्ड ETF में रिकॉर्ड उछाल, इक्विटी में नरमी
पूरी म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल AUM में अब एसआईपी की हिस्सेदारी बढ़कर 20.2 प्रतिशत हो गई है. एम्फी के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में गोल्ड ETF में निवेश दोगुना बढ़कर 24,039.96 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि दिसंबर में यह 11,647 करोड़ रुपये था. यह रुझान दिखाता है कि निवेशक शेयर बाजार के साथ-साथ सोने जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं. वहीं जनवरी में एक्टिव इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश 24,029 करोड़ रुपये रहा, जो दिसंबर के 28,054 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 14 प्रतिशत कम है.
कुल म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए जनवरी रहा सकारात्मक
इसका मतलब है कि म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है. नवंबर में इक्विटी फंड्स में 29,911 करोड़ रुपये और उससे पहले अक्टूबर में 24,690 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया था. जुलाई 2025 में इक्विटी फंड्स में अब तक का सबसे अधिक 42,702 करोड़ रुपये का इनफ्लो देखने को मिला था.
कुल मिलाकर म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिहाज से जनवरी का महीना सकारात्मक रहा. इस दौरान कुल 1.56 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया, जबकि दिसंबर में 66,591 करोड़ रुपये की निकासी हुई थी. इससे साफ संकेत मिलता है कि निवेशकों का रुझान एक बार फिर म्यूचुअल फंड्स की ओर बढ़ता नजर आ रहा है.
यह भी पढ़े: FII की जोरदार वापसी, 9 सत्रों में 2 अरब डॉलर की खरीद, DII की पकड़ और मजबूत