Pakistani Cosmetics Alert: भारत में प्रतिबंधित होने के बावजूद कुछ पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी जारी की है. सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइज़ेशन (CDSCO) के कॉस्मेटिक्स डिवीजन की ओर से जारी पब्लिक हेल्थ अलर्ट में ऐसे दो ब्यूटी प्रोडक्ट्स का जिक्र किया गया है, जो बिना जरूरी आयात पंजीकरण के भारतीय बाजार में उपलब्ध होने की बात सामने आई है.
लोगों को इन उत्पादों को खरीदने और इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है. दुकानदारों को भी इन्हें बेचने से रोकने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि जांच में इन क्रीमों में ऐसे भारी धातु तत्व पाए गए हैं, जो लंबे समय तक इस्तेमाल किए जाने पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं.
किन दो क्रीमों को लेकर जारी हुआ अलर्ट?
स्वास्थ्य चेतावनी में Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream का नाम सामने आया है. इन दोनों उत्पादों को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. बताया गया है कि ये उत्पाद भारतीय बाजार में बिक्री के लिए जरूरी आयात पंजीकरण के बिना उपलब्ध पाए गए. ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे इन क्रीमों को खरीदने या इस्तेमाल करने से बचें.
जांच में पारा और सीसा मिला
CDSCO की प्रयोगशाला जांच में दोनों क्रीमों में पारा (Mercury) और सीसा (Lead) जैसे विषैले भारी धातु तत्व पाए गए. रिपोर्ट के मुताबिक, इनकी मात्रा तय कानूनी सीमा से कई गुना अधिक थी और कुछ मामलों में यह स्तर 52 गुना तक ज्यादा पाया गया. इन तत्वों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा किडनी और तंत्रिका तंत्र पर भी गंभीर असर पड़ने का खतरा बताया गया है. इसलिए इन उत्पादों के इस्तेमाल को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पाकिस्तान से आयात पर पहले ही लग चुका है प्रतिबंध
दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ व्यापार को लेकर सख्त कदम उठाए थे. डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (DGFT) ने पाकिस्तान से वस्तुओं के सीधे या अप्रत्यक्ष आयात, निर्यात और ट्रांजिट पर रोक लगा दी थी. ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पादों का भारतीय बाजार में पहुंचना नियामक एजेंसियों के लिए भी गंभीर मामला है.
‘Made in India’ के नाम पर बिकने का आरोप
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात इन उत्पादों की पैकेजिंग को लेकर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन क्रीमों को ‘Made in India’ बताकर सूचीबद्ध किया गया था. हालांकि, ग्राहकों को उत्पाद मिलने के बाद पैकेट के दूसरे हिस्से पर ‘Made in Pakistan’ लिखा दिखाई देने की बात सामने आई. इससे उत्पाद की असली उत्पत्ति और ऑनलाइन बिक्री में दी गई जानकारी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं.
Amazon ने Goree Beauty Cream हटाई
इन उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री को लेकर Amazon की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. कंपनी के एक प्रवक्ता ने Business Standard से कहा कि प्लेटफॉर्म आम तौर पर विक्रेताओं से उत्पादों की सूची तैयार करने को कहता है और यह जांच की जाएगी कि संबंधित विक्रेता भारतीय कानूनों के साथ-साथ Amazon की नीतियों का पालन कर रहे हैं या नहीं. फिलहाल Amazon ने Goree Beauty Cream को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है. अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऐसे उत्पादों को लेकर भी जांच और नियामकीय कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.