नवंबर में यात्री वाहन बिक्री 20.7% बढ़ी | ऑटो उद्योग में तेज उछाल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

इस वर्ष नवंबर में भारत के यात्री वाहन बाजार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू थोक बिक्री में साल-दर-साल 20.7% की उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की, जिससे कुल बिक्री बढ़कर लगभग 4.25 लाख यूनिट तक पहुंच गई. इस वर्ष सितंबर में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती के चलते गाड़ियों की कीमतों में आई कमी ने ग्राहकों को नई कारें खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसके परिणामस्वरूप मांग में तेज़ उछाल देखा गया. मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआईएल) का कहना है कि बाजार में सकारात्मक रुझान लगातार बना हुआ है.

फैक्ट्री लेवल पर पूरी तरह से बिक चुके हैं कंपनी के आठ मॉडल

एमएसआईएल में मार्केटिंग और सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि फैक्ट्री लेवल पर कंपनी के आठ मॉडल पूरी तरह से बिक चुके हैं और एक भी यूनिट डिस्पैच के लिए उपलब्ध नहीं रही. उन्होंने आगे कहा कि डीलर्स के पास वर्तमान में उनके स्टॉक में करीब 80,000 यूनिट्स मौजूद हैं, जो कि 19 दिन की इंवेंट्री के बराबर हैं और 40,000 यूनिट्स और आने वाली हैं. एमएसआईएल की घरेलू थोक बिक्री सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर नवंबर में 170,971 यूनिट हो गई.

दिसंबर भी एक मजबूत महीना साबित होने की उम्मीद

बनर्जी ने आगे कहा कि दिसंबर भी एक मजबूत महीना साबित होने की उम्मीद है क्योंकि कंपनी की प्रोडक्शन टीम मांग की पूर्ति के लिए ओवरटाइम काम कर रही हैं. उनके अनुमान के अनुसार, इस वर्ष नवंबर में यात्री वाहन उद्योग की थोक बिक्री 4,25,000 यूनिट रही, जो कि इससे पिछले वर्ष की समान अवधि में 3,52,000 यूनिट दर्ज की गई थीं. चालू वित्त वर्ष में ऑटो उद्योग के 5–6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करने का अनुमान लगाया जा रहा है.

इससे पहले, सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के उद्योग आंकड़ों के मुताबिक, त्योहारी मांग और जीएसटी सुधारों के चलते इस वर्ष अक्टूबर में घरेलू पैसेंजर व्हीकल (PV) थोक बिक्री में सालाना आधार पर 17.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे कुल बिक्री 4,60,739 यूनिट तक पहुंच गई.

नवंबर में बिक्री के मामले में दूसरे स्थान पर रही टाटा मोटर्स

नवंबर में घरेलू थोक बिक्री के मामले में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स दूसरे स्थान पर रही. कंपनी ने 57,436 यूनिट्स का डिस्पैच किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है. महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 56,336 यूनिट्स भेजीं, जो सालाना आधार पर 21.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती हैं.

हुंडई मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री 4.3 प्रतिशत बढ़कर 50,340 यूनिट पर पहुंच गई. वहीं, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने नवंबर में 30,085 यूनिट्स डिस्पैच कीं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि है.

यह भी पढ़े: भारत में Tesla की धीमी शुरुआत, सितंबर से अब तक सिर्फ 157 यूनिट की ही हुई बिक्री

Latest News

इमरान खान की बहनों को जेल से अभी राहत नहीं, पाक सरकार ने 30 दिन और बढ़ाई हिरासत

Pakistan News: पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत को...

More Articles Like This

Exit mobile version