Petrol Price: भारत में पेट्रोल की कीमतों में शहर और राज्य के हिसाब से बड़ा अंतर देखने को मिलता है. मौजूदा वक्त में देश में पेट्रोल की औसत कीमत करीब 108.70 रुपये प्रति लीटर है. पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल सबसे सस्ता है, जहां एक लीटर की कीमत 88.66 रुपये है. वहीं आंध्र प्रदेश के चित्तूर में पेट्रोल की कीमत 118.34 रुपये प्रति लीटर है, जो देश में सबसे ज्यादा है. भारत की तरह दुनिया के दूसरे देशों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम एक जैसे नहीं हैं.
दिलचस्प बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत वैश्विक स्तर पर तय होती है, फिर भी अलग-अलग देशों में पेट्रोल के रेट में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है. कहीं एक लीटर पेट्रोल कुछ रुपये में मिल जाता है, तो कहीं इसकी कीमत 400 रुपये के पार पहुंच जाती है. आखिर ऐसा क्यों होता है, आइए समझते हैं.
वेनेजुएला, ईरान और लीबिया में ₹2-3 लीटर पेट्रोल
दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल वेनेजुएला, ईरान और लीबिया जैसे देशों में मिलता है. यहां पेट्रोल की कीमत करीब 2 से 3 रुपये प्रति लीटर के बीच बताई जाती है. यानी कई जगहों पर एक लीटर पेट्रोल की कीमत पानी की बोतल से भी कम पड़ती है. इन देशों में पेट्रोल की कीमत इतनी कम होने की बड़ी वजह सरकारों की ओर से दी जाने वाली भारी सब्सिडी है. सरकारें अपने नागरिकों को कम कीमत पर ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोल और डीजल पर बड़ी मात्रा में सब्सिडी देती हैं. इसी वजह से यहां पेट्रोल भारत के मुकाबले करीब 32 से 48 गुना तक सस्ता है.
हांगकांग में ₹425 तक पहुंचा पेट्रोल
दूसरी तरफ दुनिया में सबसे महंगा पेट्रोल हांगकांग में मिलता है. इसके अलावा मोनाको, आइसलैंड, डेनमार्क और नॉर्वे जैसे देशों में भी पेट्रोल की कीमत काफी ज्यादा है. सितंबर 2026 में हांगकांग में पेट्रोल की कीमत करीब 420 से 425 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई. यहां ईंधन पर भारी टैक्स लगाया जाता है, जिसकी वजह से पेट्रोल की कीमत काफी बढ़ जाती है. हालांकि, पेट्रोल पर ज्यादा टैक्स लगाने का मकसद सिर्फ सरकार का राजस्व बढ़ाना नहीं है.
महंगे ईंधन के जरिए निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की ओर बढ़ाने की कोशिश भी की जाती है. इससे ट्रैफिक और प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है.
अमेरिका में गैसोलीन कितने रुपये लीटर?
अमेरिका में पेट्रोल को गैसोलीन कहा जाता है और इसकी कीमत लीटर के बजाय गैलन में बताई जाती है. एक गैलन करीब 3.785 लीटर के बराबर होता है. अमेरिका में फिलहाल गैसोलीन की औसत कीमत करीब 4.48 डॉलर प्रति गैलन है. भारतीय मुद्रा में देखें तो यह लगभग 98 से 103 रुपये प्रति लीटर के बराबर बैठती है.
अमेरिका में आमतौर पर ईंधन की कीमतें कई दूसरे देशों की तुलना में कम रही हैं, क्योंकि अमेरिका खुद बड़े पैमाने पर कच्चे तेल का उत्पादन करता है. सामान्य परिस्थितियों में वहां गैसोलीन की कीमत करीब 3 डॉलर प्रति गैलन या उससे कम भी रही है. हालांकि, मौजूदा वैश्विक संकट के बीच अमेरिका में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है.
कैलिफोर्निया और वॉशिंगटन जैसे राज्यों में पेट्रोल अपेक्षाकृत महंगा है, जहां कीमत 5.50 डॉलर प्रति गैलन यानी करीब 120 रुपये प्रति लीटर से भी ज्यादा बताई गई है.
यह भी पढ़े: Make in India के 12 साल: PM मोदी बोले- हर सेक्टर में दिख रहा बदलाव