Samsung Q2 Results 2026: AI चिप्स की बढ़ती मांग से सैमसंग का मुनाफा 1300% उछला, दूसरी तिमाही में बनाया रिकॉर्ड

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Samsung Q2 Results 2026: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग का सबसे बड़ा फायदा उठाने वाली कंपनियों में शामिल सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) के शानदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी ने बताया कि इस दौरान उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 1,300 प्रतिशत बढ़कर 71.62 ट्रिलियन वॉन (करीब 49.6 अरब डॉलर) पहुंच गया. यह पिछले वर्ष की समान अवधि में 5.11 ट्रिलियन वॉन था. कंपनी का कहना है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार और सेमीकंडक्टर चिप्स की मजबूत वैश्विक मांग ने इस रिकॉर्ड प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है.

बिक्री और ऑपरेटिंग इनकम में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के अनुसार, दूसरी तिमाही में उसकी ऑपरेटिंग इनकम 1,813.8% बढ़कर 89.49 ट्रिलियन वॉन हो गई. वहीं, कुल बिक्री 130% बढ़कर 171.49 ट्रिलियन वॉन पर पहुंच गई. दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता कंपनी ने लगातार तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड राजस्व और परिचालन लाभ दर्ज किया है.

विश्लेषकों के अनुमान के अनुरूप रहे नतीजे

कंपनी के वित्तीय नतीजे बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहे. समाचार एजेंसी योनहाप की वित्तीय डेटा इकाई योनहाप इन्फोमैक्स के सर्वे के अनुसार, विश्लेषकों ने औसतन 71.21 ट्रिलियन वॉन के शुद्ध लाभ का अनुमान लगाया था, जबकि कंपनी ने 71.62 ट्रिलियन वॉन का मुनाफा दर्ज किया. सामान्य और प्रेफर्ड दोनों तरह के शेयरों के लिए प्रति शेयर आय (EPS) 10,849 वॉन रही, जो पिछली तिमाही की तुलना में 52 प्रतिशत अधिक है.

AI चिप्स की मांग बनी सबसे बड़ी वजह

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने कहा कि कंपनी ने अपनी तकनीकी बढ़त का लाभ उठाते हुए AI से जुड़े उत्पादों और सेमीकंडक्टर की बढ़ती वैश्विक मांग को प्रभावी ढंग से पूरा किया. यही वजह रही कि कंपनी का सबसे अधिक मुनाफा उसके सेमीकंडक्टर कारोबार से आया. कंपनी के अत्यधिक लाभदायक सेमीकंडक्टर डिवीजन ने दूसरी तिमाही में 127.5 ट्रिलियन वॉन की रिकॉर्ड बिक्री और 89.2 ट्रिलियन वॉन का परिचालन लाभ दर्ज किया.

AI इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश से मिली मजबूती

कंपनी ने बताया कि दुनियाभर में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार बढ़ रहे निवेश के कारण सेमीकंडक्टर की मांग मजबूत बनी हुई है. वहीं, सीमित आपूर्ति के चलते मेमोरी चिप्स की कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी रहीं, जिससे कंपनी की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई.

दूसरी छमाही में भी मजबूत रहेगी मांग

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स को उम्मीद है कि वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में भी मेमोरी चिप्स और AI से जुड़े उत्पादों की मांग मजबूत बनी रहेगी. कंपनी का कहना है कि सर्वर-केंद्रित मांग, AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ता पूंजीगत खर्च और एजेंटिक AI का तेजी से विस्तार कारोबार को नई गति देगा. उद्योग विशेषज्ञों का भी मानना है कि वैश्विक चिप बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच का अंतर अगले वर्ष तक बना रह सकता है, जिससे मेमोरी चिप कंपनियों को फायदा मिलता रहेगा.

DRAM और NAND पोर्टफोलियो को करेगी मजबूत

कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों की बदलती जरूरतों और बाजार की मांग को देखते हुए DRAM और NAND Flash Memory के अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार और अनुकूलन करेगी. इसके अलावा, उच्च विकास वाले क्षेत्रों पर फोकस करने के लिए कारोबार के पुनर्गठन से वर्ष की दूसरी छमाही में कंपनी की फाउंड्री यूनिट के मुनाफे में भी उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है.

पूंजीगत निवेश भी बढ़ाया

दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी का कुल पूंजीगत व्यय (Capital Expenditure) 16.8 ट्रिलियन वॉन रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 5.5 ट्रिलियन वॉन अधिक है. इसमें 15.4 ट्रिलियन वॉन का निवेश चिप डिवीजन में किया गया, जबकि 700 अरब वॉन डिस्प्ले कारोबार के विस्तार के लिए खर्च किए गए. AI बूम और दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप उत्पादन क्षमता के दम पर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स वैश्विक टेक इंडस्ट्री की सबसे मजबूत कंपनियों में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रही है.

यह भी पढ़े: Patanjali Insurance: बाबा रामदेव की पतंजलि की बीमा सेक्टर में एंट्री, IRDAI ने 4,500 करोड़ रुपये की डील को दी मंजूरी

Latest News

AI से न्यूड फोटो बनाने पर बवाल, xAI ने बैन लगाने वाली सरकार पर ही ठोका मुकदमा

Elon Musk: किसी भी सिंपल सी फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उसे नकली न्यूड तस्वीर में...

More Articles Like This