Sensex opening bell: भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ खुला. इस दौरान सेंसेक्स 367 अंक या 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,554 और निफ्टी 90 अंक या 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,163 पर था. शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का नेतृत्व आईटी स्टॉक्स कर रहे थे। इस कारण सूचकांकों में निफ्टी आईटी 2 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था.
वही, निफ्टी ऑटो, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी ऑयलएंडगैस भी हरे निशान में थे. दूसरी तरफ निफ्टी फार्मा, निफ्टी मीडिया, निफ्टी हेल्थकेयर,निफ्टी मेटल, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी एफएमसीजी लाल निशान में थे.
आज के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स
सेंसेक्स पैक में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एसबीआई, इंडिगो, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स गेनर्स थे. इटरनल, सन फार्मा, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और भारती एयरटेल लूजर्स थे.
बाजार पर पड़ा गिरते रुपए का असर
जानकारों ने कहा कि बाजार के एक सीमित दायरे में रहने का ट्रेंड जारी रहने की संभावना है, इस हफ्ते गिरते रुपए का असर बाजार पर पड़ा है. यूएस बॉन्ड यील्ड के ऊंचे स्तर के चलते कमर्शियल बैंकों की ओर से एफसीएनआर बी डिपॉजिट जुटाने का काम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है.
वैश्विक बाजारों का हाल
वैश्विक बाजारों में कमजोरी देखी जा रही है. टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और बैंकॉक लाल निशान में थे. जकार्ता हरे निशान में था. अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ, जिसमें डाओ जोन्स 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ और नैस्डैक 1.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ. विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली का सिलसिला जारी है और उन्होंने गुरुवार को इक्विटी मार्केट में 4,205.56 करोड़ रुपए की बिकवाली की.