Stock Market Crash: सेंसेक्स 1700 अंक लुढ़का, निफ्टी में बड़ी गिरावट, निवेशकों में मचा हड़कंप

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान जोरदार गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई है. दोपहर 12:37 बजे तक सेंसेक्स 1,772 अंक यानी 2.32% टूटकर 72,803 पर आ गया, जबकि निफ्टी 565 अंक यानी 2.44% गिरकर 22,549 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. बाजार में गिरावट सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी भारी बिकवाली देखने को मिली.

मिडकैप-स्मॉलकैप में ज्यादा दबाव

निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2,074 अंक यानी 3.78 प्रतिशत गिरकर 52,789 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 648 अंक यानी 4.12 प्रतिशत टूटकर 15,070 पर आ गया. कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार में चौतरफा कमजोरी का माहौल बना रहा.

वैश्विक तनाव बना बड़ी वजह

विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है. सप्ताहांत में हालात तब और बिगड़े जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए 48 घंटे की समयसीमा दी और ऊर्जा ठिकानों पर कार्रवाई की चेतावनी दी.

इसके जवाब में ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए क्षेत्रीय संपत्तियों पर हमले और जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी दी, जिससे वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है.

एशियाई बाजारों से भी खराब संकेत

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों ने भी भारतीय बाजार पर दबाव बनाया. टोक्यो, सियोल, हांगकांग, शंघाई और बैंकॉक के बाजारों में 2 प्रतिशत से लेकर 6.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई. इसका सीधा असर भारतीय बाजार के सेंटीमेंट पर देखने को मिला.

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है. खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 113 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था. तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका रहती है, जिसका असर बाजार पर पड़ता है.

विदेशी निवेशकों की बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है. पिछले कारोबारी सत्र में FII ने 5,518 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,706 करोड़ रुपये का निवेश किया. इसके बावजूद बाजार में गिरावट का रुख बना रहा.

निवेशकों के लिए संकेत

मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. निवेशकों को सतर्क रहकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है.

यह भी पढ़े: Gold Silver Price Today: सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, करीब 14,500 रुपये तक टूटे दाम

Latest News

PMUY से देश में लगभग हर घर तक पहुंचा LPG कनेक्शन, वितरण व्यवस्था में हुआ सुधार: मंत्री

प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश में LPG कनेक्शन तेजी से बढ़े हैं. सरकार ने 25 लाख नए कनेक्शन और सब्सिडी का ऐलान किया है.

More Articles Like This

Exit mobile version