बिठूर में बोले CM योगी- सिर्फ भाजपा के पास दंगाइयों का उपचार, सपा के नेता भी लेने लगे हैं राम का नाम, इनके इरादे को समझे

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Cm Yogi In Kanpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर में अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा जुबानी प्रहार किया. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल संभव नहीं था. उस समय की सरकार के एजेंडे में कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाने के लिए पैसा खर्च करना प्राथमिकता थी.

सपा का मतलब दंगा और अराजकताः सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दंगाइयों का उपचार सिर्फ बीजेपी के पास है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा फिर से प्रदेश में बांटने की राजनीति करेगी. दंगाइयों और अराजक तत्वों को दोबारा सिर उठाने से पहले ही कुचलने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सपा का मतलब दंगा और अराजकता है.

सीएम योगी ने माफियाओं और दंगाइयों के साथ खड़े होने वालों को पहचानने की अपील की. उन्होंने कहा कि अब सपा के नेता भी राम नाम लेने लगे हैं, लेकिन उनके इरादों को समझने की जरूरत है. मुख्यमंत्री ने कालनेमि का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह बजरंगबली ने कालनेमि को पहचान लिया था, उसी तरह ऐसे लोगों को पहचानना जरूरी है.

‘देश में दो मियां, एक छोटे और एक बड़े मियां’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर के नानाराव पार्क में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “देश के अंदर दो मियां हैं, एक छोटे मियां और एक बड़े मियां.” इसके बाद उन्होंने सपा-कांग्रेस पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने, गरीबों के अधिकार छीनने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इन दलों को प्रदेश की जनता पहले भी सबक सिखा चुकी है और आगे भी सिखाएगी.

सीएम योगी ने कहा कि सपा की राजनीति परिवारवाद, भ्रष्टाचार और अराजकता से जुड़ी रही है. उनके अनुसार, पिछली सरकारों में बेटियों की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और व्यापारियों की संपत्तियों की सुरक्षा बड़ी चुनौती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में अपराधियों और माफिया को संरक्षण मिलता था. वहीं, भाजपा सरकार में धार्मिक विरासत के संरक्षण, गरीब कल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है.

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण ने भगवान राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया. बिठूर की धरती धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की प्रतीक है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से लेकर काशी विश्वनाथ धाम और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास तक विरासत को सम्मान देने का काम कर रही है.

सीएम योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि घुसपैठियों के प्रति हमदर्दी दिखाने वाले दल गरीबों, दलितों, पिछड़ों और किसानों के अधिकारों की बात नहीं कर सकते.। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने को लेकर भी सपा और कांग्रेस को घेरा. कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है.

सीएम ने कहा पिछली सरकारों में महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों और स्थलों की पहचान बदली गई, जबकि भाजपा सरकार ने संत रविदास और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर सहित महापुरुषों के सम्मान से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महापुरुषों से जुड़े करीब चार हजार स्थलों के संरक्षण, सुंदरीकरण और सुरक्षा के लिए काम किया जाएगा.

कानपुर को 411 करोड़ की परियोजनाएं

राजनीतिक हमलों के बीच सीएम योगी ने बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि कानपुर में मेट्रो, एयरपोर्ट, सड़क और पुलों से जुड़ी परियोजनाओं के जरिए विकास को गति दी जा रही है. बिठूर में महर्षि वाल्मीकि आश्रम और ब्रह्मावर्त घाट के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दिलाई जा रही है. मुख्यमंत्री ने रामायण सर्किट, घाटों, होम-स्टे और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की योजनाओं को भी क्षेत्र के विकास से जोड़ा. उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास, विरासत और गरीब कल्याण को साथ लेकर चलना है. उन्होंने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को तय करना है कि उसे विकास और सुरक्षा चाहिए या फिर अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति.

महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की विरासत को संरक्षित करने और उनसे जुड़े पौराणिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है. मान्यता है कि इसी आश्रम में महाकाव्य रामायण की रचना हुई और माता सीता को आश्रय मिला था. यहीं भगवान श्रीराम के पुत्रों लव-कुश का जन्म हुआ. पर्यटन विभाग का महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों के कायाकल्प और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं जुटाने पर जोर है.

कांग्रेस मानसिक दिवालियेपन का शिकारः CM योगी

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस मानसिक दिवालियेपन का शिकार हो चुकी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा को सबक सिखाने का वक्त आने वाला है. सीएम योगी ने आरोप लगाया कि ये दल संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं. साथ ही देश के महापुरुषों और भारत के संविधान का भी अपमान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और महापुरुषों का सम्मान किया जाना चाहिए.

इन योजनाओं का हुआ लोकार्पण
मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-मोहनलालगंज मार्ग दो लेन से चार लेन करना- 159.35 करोड़ रुपये
मंधना टिकरा-हेतपुर-दूल-भूल-भाऊपुर मार्ग चौड़ीकरण- 13.76 करोड़ रुपये
डिफेंस कॉरिडोर परियोजना में बाउंड्री का निर्माण- 9.50 करोड़ रुपये
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ग्राम साढ़ में तालाब का निर्माण- 1.0 करोड़ रुपये
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ग्राम साढ़ में आंतरिक सड़कों का निर्माण- 8.7 करोड़ रुपये
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ग्राम साढ़ में मुख्य गेट, गार्ड रूम, प्रकाश व्यवस्था- 4.9 करोड़ रुपये
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ग्राम साढ़ में सीवरेज, एसटीपी, जलापूर्ति कार्य- 1.6 करोड़ रुपये
सतर्कता अधिष्ठान के कार्यालय का निर्माण- 6.5 करोड़ रुपये
पकड़ी भिसार होते किसान नगर नहर पटरी मार्ग का निर्माण- 1.24 करोड़ रुपये
पतरसा से गोपालपुर मार्ग का निर्माण- 1.40 करोड़ रुपये
मंधना-टिकरा-हेतपुर-दूल-भूलभाऊपुर मार्ग से नेवाड़ी तक संपर्क मार्ग- 1.53 करोड़ रुपये
इकडरिया से रिंद नदी होते हुए बरनॉव तक संपर्क मार्ग- 1.29 करोड़ रुपये
पिपौरी से बनपुरवा संपर्क मार्ग- 1.15 करोड़ रुपये

11 बजे बिठूर पहुंचे सीएम योगी
इससे पहले मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर करीब 11 बजे बिठूर पहुंचा. सीएम ने सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना की. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनसभा में लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए. इसके बाद करीब 34 मिनिट तक जनता को संबोधित किए.

Latest News

Jordan Church Attack: अंतिम संस्कार के दौरान चर्च में हमला, 9 लोगों की मौत, दर्जनों घायल, तीन संदिग्ध अरेस्ट

Jordan Church Attack: जॉर्डन में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के सिलसिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार...

More Articles Like This

Exit mobile version