भविष्य की चिंता खत्म! Swiggy डिलीवरी पार्टनर्स अब आसानी से कर सकेंगे Mutual Fund में निवेश

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Swiggy Mutual Fund Investment: देश में तेजी से बढ़ती गिग इकोनॉमी के बीच लाखों डिलीवरी पार्टनर्स के लिए बचत और निवेश हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है. अनियमित आमदनी और रोजमर्रा के खर्चों के कारण कई बार भविष्य के लिए पैसे बचाना आसान नहीं होता. ऐसे में फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने अपने डिलीवरी पार्टनर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है.

स्विगी ने जेरोधा फंड हाउस के साथ साझेदारी की घोषणा की है, जिसके तहत अब कंपनी के डिलीवरी पार्टनर्स सीधे अपने ऐप के माध्यम से म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स को छोटी रकम से भी निवेश शुरू करने और भविष्य के लिए वित्तीय सुरक्षा तैयार करने का अवसर देना है.

Swiggy और Zerodha की साझेदारी से क्या बदलेगा?

स्विगी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि उसने जेरोधा फंड हाउस के साथ पार्टनरशिप की है. इस साझेदारी के तहत डिलीवरी पार्टनर्स अपनी कमाई का एक हिस्सा म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि निवेश की शुरुआत सिर्फ 100 रुपये से की जा सकेगी. इससे कम आय वाले डिलीवरी पार्टनर्स के लिए भी निवेश करना आसान हो जाएगा. कंपनी के अनुसार, निवेश की गई राशि सीधे जेरोधा फंड हाउस की योजनाओं में लगाई जाएगी.

WhatsApp पर भी मिलेगी पूरी जानकारी

इस नई सुविधा के जरिए डिलीवरी पार्टनर्स अपने निवेश और पोर्टफोलियो की जानकारी आसानी से देख सकेंगे. कंपनी ने इसके लिए व्हाट्सएप आधारित सुविधा भी उपलब्ध कराई है. इसके माध्यम से पार्टनर्स अपने निवेश की स्थिति, पोर्टफोलियो का प्रदर्शन और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से ट्रैक और मैनेज कर सकेंगे. इससे निवेश प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक सरल और सुविधाजनक हो जाएगी.

क्या बोली कंपनी?

इस पहल को लेकर स्विगी के वाइस प्रेसिडेंट सौरव गोयल ने कहा कि, “इस पहल का मकसद डिलीवरी पार्टनर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें भविष्य के लिए बचत करने के आसान साधन उपलब्ध कराना है”.

Zerodha Fund House ने क्या कहा?

इस साझेदारी पर जेरोधा फंड हाउस के सीईओ विशाल जैन ने कहा कि, “गिग वर्कर्स की आमदनी नियमित नहीं होती, इसलिए उनके लिए लंबी अवधि की बचत करना मुश्किल होता है. अब स्विगी के डिलीवरी पार्टनर कुछ ही क्लिक में अपनी हफ्तेभर की कमाई का हिस्सा म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर पैसे निकाल भी सकेंगे.”

गिग वर्कर्स के लिए क्यों अहम है यह पहल?

भारत में गिग इकोनॉमी लगातार विस्तार कर रही है. फूड डिलीवरी, ई-कॉमर्स, कैब सर्विस और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर लाखों लोग गिग वर्कर के रूप में काम कर रहे हैं. हालांकि, इनकी आय अक्सर नियमित नहीं होती, जिसके कारण बचत और निवेश की आदत विकसित करना चुनौतीपूर्ण माना जाता है. ऐसे में स्विगी और जेरोधा की यह पहल डिलीवरी पार्टनर्स को छोटी रकम से निवेश शुरू करने का मौका देगी. इससे वे धीरे-धीरे वित्तीय अनुशासन विकसित कर सकेंगे और भविष्य की जरूरतों के लिए फंड तैयार कर पाएंगे.

पहले से मिल रही हैं कई सुविधाएं

स्विगी अपने डिलीवरी पार्टनर्स के लिए पहले से ही कई वेलफेयर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. इनमें बीमा जैसी योजनाएं शामिल हैं. अब म्यूचुअल फंड निवेश की सुविधा जुड़ने के बाद पार्टनर्स को वित्तीय योजना बनाने और दीर्घकालिक बचत करने का एक नया विकल्प मिल गया है.

यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब देश में वित्तीय जागरूकता बढ़ रही है और अधिक से अधिक लोगों को निवेश की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. छोटी राशि से निवेश की सुविधा डिलीवरी पार्टनर्स को भविष्य के लिए बेहतर आर्थिक तैयारी करने में मदद कर सकती है.

यह भी पढ़े: LPG Price Today: घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी, जानिए आपके शहर का ताजा भाव

More Articles Like This

Exit mobile version